पलामू: खेत में सिंचाई करने गए किसान की कुएं में गिरने से गई जान    

हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला गांव में एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय किसान अंबेडकर कुमार पासवान की मौत हो गई. वह खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गए और डूबने से उनकी जान चली गई.

पलामू: खेत में सिंचाई करने गए किसान की कुएं में गिरने से गई जान

पलामू: जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के पतरा कला गांव में एक दर्दनाक हादसे में 35 वर्षीय किसान अंबेडकर कुमार पासवान की मौत हो गई.  वह खेत में सब्जियों की सिंचाई करने गए थे.  आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गए और डूबने से उनकी जान चली गई.  घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुँच कर शव को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए हुसैनाबाद भेज दिया.  

मिली जानकारी के अनुसार, पतरा कला गांव निवासी स्वर्गीय रामानंदन पासवान के पुत्र अंबेडकर कुमार पासवान बीते रविवार की सुबह घर में किसी को बताए बिना खेत में पटवन करने गए थे.  वह खेत के पास स्थित कुएं से बाल्टी और रस्सी की मदद से पानी निकालकर सब्जियों के पौधों की सिंचाई कर रहे थे.  इसी दौरान उनके साथ यह हादसा होने की आशंका जताई जा रही है.

देर शाम तक अंबेडकर के घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई.  इसके बाद उन्होंने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन काफी खोजबीन के बावजूद कोई सुराग नहीं मिला.  आखिर  परिजनों ने हुसैनाबाद थाने में लिखित सूचना देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी.

इसी बीच सोमवार की शाम गांव की एक महिला की नजर कुएं में पड़े शव पर पड़ी.  उसने तत्काल ग्रामीणों और परिजनों को इसकी सूचना दी.  जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई.  सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया.  इसके बाद शव को अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद भेज दिया गया. मंगलवार  को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.