पलामू (PALAMU): जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र के बिन्दुबिगहा गांव में पुलिया पर बैठने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया की बात 4 माह के मासूम की जान तक बन आई. इस घटना में धारदार हथियार से किए गए हमले में चार माह के एक मासूम की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके पिता को गिरफ्तार कर घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है.
पुलिस के अनुसार, यह घटना 2 जुलाई 2026 की शाम करीब 8:30 बजे हुई. बताया गया कि गांव निवासी चितरंजन कुमार पासवान उर्फ शिवम का गांव के ही अतुल पासवान और आनंद पासवान के साथ घर के पास बनी पुलिया पर बैठने को लेकर विवाद हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कहासुनी के बाद चितरंजन अपने घर गया और कुछ देर बाद धारदार हथियार (बलुआ/फरसा) लेकर वापस लौटा.
आरोप है कि गुस्से में उसने दीपक पासवान, उनकी पत्नी रूपा देवी और उनकी गोद में मौजूद चार माह के बेटे प्रिंस कुमार पर हमला कर दिया. हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने सभी को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल, हुसैनाबाद पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मासूम प्रिंस कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं दीपक पासवान और रूपा देवी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें पहले एमएमसीएच, डालटनगंज और बाद में बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया गया.
घटना के बाद हैदरनगर थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने तत्काल छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान आरोपी चितरंजन कुमार पासवान (29 वर्ष) और उसके पिता तुलसी पासवान (62 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया है. यह पूरी कार्रवाई हुसैनाबाद के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में की गई. पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है. गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

