पलामू (PALAMU): शादी ब्याह में गाने बजाना तो आम है लेकिन तब क्या हो जब भोजपुरी गाने को लेकर विवाद हो जाए. यह मामला मेदिनीनगर का है जहां कोयल नदी के किनारे राम जानकी मंदिर परिसर में आयोजित एक सगाई समारोह में विवाद शुरू हो गया. वर और वधु पक्ष के बीच कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई. इस घटना में दूल्हे की दो बहनें घायल हो गईं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जानकारी के अनुसार, वर पक्ष पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के बंधुआ गांव का निवासी है, जबकि वधु पक्ष चैनपुर प्रखंड के सेमराटांड गांव से संबंधित है. दोनों परिवारों के बीच राम जानकी मंदिर परिसर में सगाई की रस्में चल रही थीं. समारोह शांतिपूर्वक चल रहा था, लेकिन एक मामूली बात ने माहौल को तनावपूर्ण बना दिया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.
बताया जा रहा है कि सगाई समारोह के दौरान वधु पक्ष के कुछ लोग भोजपुरी गाने बजाकर नृत्य करना चाहते थे. इस पर वर पक्ष के लोगों ने आपत्ति जताई और कहा कि कार्यक्रम मंदिर परिसर में हो रहा है, इसलिए धार्मिक स्थल की गरिमा बनाए रखना जरूरी है. उनका कहना था कि मंदिर परिसर में तेज संगीत और भोजपुरी गानों पर डांस करना उचित नहीं होगा. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस शुरू हुई और फिर मामला बढ़ते-बढ़ते हाथापाई तक पहुंच गया. आरोप है कि विवाद के दौरान वधु पक्ष के कुछ लोगों ने लड़के के भाई के साथ मारपीट की, जिससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई.
मारपीट के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं दूल्हे की दो बहनों को भी धक्का दे दिया गया, जिससे दोनों बेहोश होकर गिर पड़ीं. घटना के बाद परिजनों ने तत्काल दोनों महिलाओं को मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एमएमसीएच) में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी. फिलहाल, पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर रही है तथा विवाद की वास्तविक वजह और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है.

