पलामू (PALAMU): जिला मुख्यालय के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के जेएलए कॉलेज के पास आज (शनिवार) की सुबह बेखौफ अपराधियों ने शहर के जाने-माने ठेकेदार सह कारोबारी संजय तिवारी उर्फ गुड्डू तिवारी को गोली मार दी. दरअसल, मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस जानलेवा हमले में एक गोली संजय तिवारी के सीने में जा लगी, जिससे वे घायल होकर वहीं गिर पड़े. घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से उन्हें गंभीर स्थिति में इलाज के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (MMCH) में भर्ती कराया गया है.
मिली जानकारी के अनुसार, अपराधी पहले से ही कॉलेज के पास घात लगाकर बैठे थे. संजय तिवारी जैसे ही अपने काम से लौटकर घर की तरफ जा रहे थे, तभी अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए. फायरिंग की गूंज सुनकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इधर, घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में उनके समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है, जिसे देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है. अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना की पुलिस तुरंत एक्शन लेते हुए अस्पताल और घटनास्थल दोनों जगह पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और शहर की नाकेबंदी कर हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापेमारी अभियान चला रही है.

