पलामू: भारत गैस एजेंसी चोरी कांड का 48 घंटे में खुलासा, 2.43 लाख रुपये बरामद, एक गिरफ्तार

पलामू के हैदरनगर में भारत गैस एजेंसी से हुई 2.59 लाख रुपये की चोरी का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा कर दिया. पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 2.43 लाख रुपये बरामद किए.

पलामू(PALAMU): जिले के हैदरनगर थाना क्षेत्र में भारत गैस एजेंसी में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. हुसैनाबाद SDPO दिव्यांश शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. SDPO ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 6 सितंबर 2026 की रात भाई बिगहा गांव में संचालित भारत गैस एजेंसी से अज्ञात चोरों ने करीब 2.59 लाख रुपये चोरी कर लिए थे. एजेंसी के प्रोपराइटर की शिकायत पर हैदरनगर थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी.

जांच के दौरान पुलिस ने प्राथमिकी अभियुक्त शमीम खान (41) को गिरफ्तार किया. आरोपी भाई बिगहा ब्लॉक रोड, हैदरनगर का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उसके बयान और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने उसके घर के पास बालू में छिपाकर रखे गए चोरी के 2,43,250 रुपये बरामद कर लिए. बरामद रकम को पुलिस ने जब्त कर लिया है. आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

इस कार्रवाई में हैदरनगर थाना प्रभारी तंजीलुल मन्नान मनौवर समेत पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे. छापेमारी दल में पुअनि राजू मांझी, सअनि बशिष्ठ ठाकुर, कुशेश्वर सिंह, आरक्षी खुर्शीद अंसारी, अविनाश कुमार रंजन, हवलदार मनोज कुमार मेहता, आरक्षी सदानन्द शर्मा, चालक अजीम और आरक्षी नंदु उरांव शामिल थे. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और चोरी की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.