पलामू (PALAMU): रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. चैनपुर थाना क्षेत्र के रबदा गांव में कथित अंधविश्वास के चलते एक चाचा ने अपने ही 12 वर्षीय भतीजे की चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात सोमवार सुबह करीब 7 बजे हुई. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
मृतक की पहचान रबदा गांव निवासी साधु बैठा के 12 वर्षीय बेटे रोशन बैठा के रूप में हुई है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, परिवार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. इसी दौरान आरोपी अनिल बैठा ने गुस्से में आकर अपने भतीजे पर चाकू से कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल रोशन मौके पर ही गिर पड़ा. हमले के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में बच्चे को बचाने पहुंचे, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में मातम पसरा हुआ है.
घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच भेज दिया. पुलिस ने आरोपी अनिल बैठा को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है. चैनपुर थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला अंधविश्वास से जुड़ा प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.

