गृह प्रवेश की दावत खाने पहुंचे 400 से ज्यादा लोगों की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में इलाज जारी
पलामू के जमुआ गांव में गृह प्रवेश की दावत खाने के बाद 400 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई. कई मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं. स्वास्थ्य विभाग फूड पॉइजनिंग की आशंका के बीच जांच में जुटा है.
पलामू (PALAMU): अक्सर जब भी कोई नया घर बनाता है या किसी नए काम की शुरुआत करता है, तो पूजा-पाठ के बाद रिश्तेदारों, दोस्तों और गांव के लोगों को दावत पर बुलाता है. गृह प्रवेश जैसे आयोजन में लोग खुशी-खुशी शामिल होते हैं, घर की खुशियों में शामिल होते हैं और साथ बैठकर भोजन करते हैं. लेकिन जरा सोचिए, अगर आप भी किसी गृह प्रवेश के निमंत्रण पर जाएं, वहां तरह-तरह के पकवान खाएं और घर लौटने के बाद अचानक आपकी तबीयत बिगड़ने लगे, तो क्या होगा? ऐसा ही एक मामला पलामू से सामने आया है, जहां गृह प्रवेश समारोह का भोजन खाने के बाद 400 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई.
गृह प्रवेश की दावत के बाद बिगड़ने लगी तबीयत
यह मामला जिले के छतरपुर अनुमंडल अंतर्गत नौडीहा बाजार प्रखंड के जमुआ गांव का है. गांव निवासी विमलेश यादव, पिता रामसुंदर यादव, के नवनिर्मित मकान में शुक्रवार को गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था. इस कार्यक्रम में रिश्तेदारों के साथ जमुआ और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. मेहमानों के लिए पूड़ी, बुंदिया, आलू-गोभी और पनीर की सब्जी तैयार की गई थी. सभी ने समारोह में भोजन किया और अपने घर लौट गए.
लेकिन शुक्रवार की रात से ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी. किसी को उल्टी होने लगी, तो किसी को पेट दर्द, दस्त, तेज बुखार और पूरे शरीर में दर्द की शिकायत होने लगी. शुरुआत में कुछ लोगों के बीमार होने की बात सामने आई, लेकिन धीरे-धीरे यह संख्या बढ़कर 400 से अधिक हो गई. देखते ही देखते गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

अस्पतालों में भर्ती, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट
बीमार लोगों ने पहले गांव के स्थानीय चिकित्सकों से इलाज कराया, लेकिन राहत नहीं मिलने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. रविवार सुबह करीब 40 मरीज छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे. चिकित्सा प्रभारी डॉ. राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में मरीजों का इलाज किया जा रहा है. वहीं, कई अन्य लोग सरईडीह, नौडीहा बाजार, छतरपुर और मेदिनीनगर के अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती हैं.
घटना की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में जुट गई. शुरुआती तौर पर भोजन में विषाक्तता यानी फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, लोगों की तबीयत बिगड़ने की असली वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी. एक खुशी के आयोजन के बाद इतनी बड़ी संख्या में लोगों के बीमार पड़ने से पूरे गांव में चिंता का माहौल है.