छह महीने से नहीं मिली वृद्धा पेंशन, ठंड में बैंक के चक्कर काटने को मजबूर बुजुर्ग

सरकार की ओर से बुजुर्गों को आर्थिक सहारा देने के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना चलाई जा रही है, लेकिन पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड में इस योजना का लाभ पाने वाले बुजुर्ग पिछले छह महीने से पेंशन का इंतजार कर रहे हैं. महुडंड पंचायत के लोहबंधा गांव में दो दर्जन से अधिक वृद्ध पेंशनधारियों को पिछले छह माह से राशि नहीं मिली है.

छह महीने से नहीं मिली वृद्धा पेंशन, ठंड में बैंक के चक्कर काटने को मजबूर बुजुर्ग

पलामू(PALAMU): सरकार की ओर से बुजुर्गों को आर्थिक सहारा देने के लिए वृद्धावस्था पेंशन योजना चलाई जा रही है, लेकिन पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड में इस योजना का लाभ पाने वाले बुजुर्ग पिछले छह महीने से पेंशन का इंतजार कर रहे हैं. महुडंड पंचायत के लोहबंधा गांव में दो दर्जन से अधिक वृद्ध पेंशनधारियों को पिछले छह माह से राशि नहीं मिली है. पेंशन नहीं मिलने से बुजुर्गों के सामने रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने का संकट खड़ा हो गया है.

ठंड में भी बैंक के चक्कर काट रहे बुजुर्ग

लोहबंधा गांव के पेंशनधारियों का बैंक खाता मोहम्मदगंज और हुसैनाबाद क्षेत्र के बैंकों में है. ऐसे में गांव के बुजुर्गों को पेंशन की जानकारी लेने और राशि निकालने के लिए 15 से 30 किलोमीटर तक का सफर करना पड़ रहा है. ठंड के इस मौसम में भी बुजुर्ग बैंक पहुंच रहे हैं, लेकिन खाते में पेंशन की राशि नहीं होने के कारण उन्हें निराश होकर लौटना पड़ रहा है. बैंक कर्मियों की ओर से राशि नहीं आने की जानकारी दी जाती है.

दवा और रोजमर्रा के खर्च पर बढ़ा संकट

पेंशन नहीं मिलने का असर बुजुर्गों की जिंदगी पर साफ दिखाई दे रहा है. जैमुन बीबी ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि छह महीने से पेंशन नहीं मिली है. अगर पैसे मिल जाते तो दवा का इंतजाम कर लेतीं. उनके मुताबिक, वृद्धावस्था पेंशन ही उनके जीवन का बड़ा सहारा है. वहीं तौहीद अंसारी ने कहा कि पहले पेंशन मिलने से रोजमर्रा के खर्च में काफी मदद मिलती थी, लेकिन छह महीने से भुगतान बंद होने के कारण जीवनयापन करना मुश्किल हो गया है.

उपायुक्त से बकाया भुगतान की मांग

लगातार पेंशन नहीं मिलने से लाभुकों में सरकार और जिला सामाजिक सुरक्षा विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ रही है. बुजुर्गों ने पलामू के उपायुक्त से मामले में हस्तक्षेप करने और पिछले छह महीने की बकाया पेंशन राशि जल्द जारी कराने की मांग की है. लाभुकों का कहना है कि बुढ़ापे में पेंशन उनके लिए आर्थिक मदद का प्रमुख जरिया है. ऐसे में भुगतान में देरी से उनकी मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं.