नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के कुलपति पर 10% कमीशन मांगने का आरोप, प्राचार्य ने की शिकायत

नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति दिनेश सिंह पर एके सिंह कॉलेज के प्राचार्य ने अनुदान राशि में 10% कमीशन मांगने का आरोप लगाया है. प्राचार्य ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा विभाग से मामले की शिकायत की है.

नीलांबर-पीतांबर यूनिवर्सिटी के कुलपति पर 10% कमीशन मांगने का आरोप, प्राचार्य ने की शिकायत

पलामू (PALAMU): नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय के कुलपति दिनेश सिंह पर एके सिंह कॉलेज को मिलने वाली अनुदान राशि में से 10 प्रतिशत कमीशन मांगने का गंभीर आरोप लगाया गया है. जिसके बाद कॉलेज के प्राचार्य ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा विभाग को शिकायत पत्र भेजकर मामले की जांच की मांग की है. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कमीशन देने से इनकार करने के बाद कॉलेज के साथ सौतेला व्यवहार किया गया. प्राचार्य के अनुसार, वर्ष 2024-25 में राज्य सरकार ने कॉलेज को अनुदान के रूप में 96 लाख रुपये दिए थे. उस समय सूर्य मणि सिंह कॉलेज के प्राचार्य थे. आरोप है कि कमीशन देने से इनकार करने के बाद उन्हें पद से हटा दिया गया.

शिकायत पत्र के मुताबिक, इसके बाद 29 जुलाई 2025 को कॉलेज की शासी परिषद को भंग कर दिया गया. वहीं, शैक्षणिक सत्र 2025-29 के लिए विज्ञान संकाय का अस्थायी संबंधन भी अस्वीकार कर दिया गया. कॉलेज में वर्ष 2011 से विज्ञान संकाय की पढ़ाई संचालित हो रही है और वर्ष 2013 से इसे लगातार अस्थायी संबंधन मिलता रहा है. प्राचार्य ने शिकायत में कहा है कि 19 मई 2025 को नैक मूल्यांकन में कॉलेज को सी ग्रेड मिला था. इसके बावजूद बाद में विज्ञान संकाय के अस्थायी संबंधन को रोक दिया गया.

प्राचार्य ने आरोप लगाया है कि कुलपति की ओर से विज्ञान संकाय में नामांकन पर रोक लगाने के लिए गलत कारण बताए जा रहे हैं. शिकायत में कहा गया है कि विश्वविद्यालय के सरकारी और संबद्ध डिग्री कॉलेजों के विज्ञान संकाय में पहले से ही शिक्षकों की कमी है. ऐसे में संबंधन रोकने और नामांकन पर प्रतिबंध लगाने से छात्रों को परेशानी हो रही है. कॉलेज प्रशासन ने पूरे मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है. हालांकि, कुलपति पर लगाए गए कमीशन मांगने के आरोपों पर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से तत्काल कोई पक्ष सामने नहीं आया है.