पलामू(PALAMU):जिले के कई अंचल में दाखिल खारिज का काम कई दिनों से बंद है. जिससे आम लोग हर दिन अंचल कार्यालय का चक्कर काट रहे है. अंचल से झार भूमि के सर्वर में दिक्कत की बात बोल कर लोगों को कार्यालय से वापस भेजा जा रहा है. बीते कई दिनों से हुसैनाबाद,हैदरनगर,मोहम्मदगंज समेत अन्य अंचल कार्यालय में हजारों फाइल लंबित है. ऐसे में बसपा ने सुधार की मांग की है. जिससे आम लोगों को राहत हो सके.
बताया जा रहा है कि झारभूमि" पोर्टल की दिक्कत की वजह से अंचल स्तर पर म्यूटेशन/दाखिल-खारिज का काम कई बार ठप्प हुआ है.लेकिन पिछले 20 दिनों से दाखिल खारिज का काम पूरी तरह ठप्प पड़ गया. जिससे हर दिन अंचल कार्यालय का लोग चक्कर काट रहे है. ऐसे में बसपा नेता शेर अली ने इस व्यवस्था में सुधार की मांग की है. जिससे आम लोगों का काम समय पर पूरा हो सके. उन्होंने कहा कि अगर दाखिल खारिज का काम जल्द शुरू नहीं होता तो मजबूरन आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
उन्होंने बताया कि 5 महीने बंद रहने के बाद अप्रैल 2026 में पोर्टल पर काम शुरू हुआ था.सॉफ्टवेयर अपडेट या तकनीकी खामियों की वजह से झारभूमि पोर्टल पर ऑनलाइन म्यूटेशन करीब 5 महीने तक बाधित रहा था. राजस्व विभाग ने 20 अप्रैल 2026 को तकनीकी खामियां दूर करके पोर्टल अपग्रेड कर दिया.लेकिन हुसैनाबाद समेत कई अंचल में फिर से काम बंद पड़ा है. झारभूमि सर्वर की मरम्मत के लिए 1 मई से 4 मई तक रजिस्ट्री + म्यूटेशन दोनों बंद कर दिए गए थे. 6 मई से काम फिर शुरू हुआ. मगर पुनः 15 मई से अंचलों में म्यूटेशन का काम बंद हो गया है.
शेर अली ने बताया कि अंचल कार्यालय हैदरनगर, हुसैनाबाद व मोहम्मदगंज में भ्रष्टाचार चरम पर है. उन्होंने कहा कि कभी पोर्टल की कमी कभी बाबुओं के टाल मटोल नीति के कारण भूमि संबंधित कार्यों को लेकर लोग परेशान हैं. प्रतिदिन दर्जनों लोग अंचल कार्यालय आते हैं और बिना काम कराए ही लौट जाते हैं. शुक्रवार को भी पलामू के अंचलों में झारभूमि पोर्टल के तकनीकी कारण से कार्य ठप्प रहा. शेर अली ने कहा कि जब सरकार ऑनलाइन सेवाओं को ठीक नहीं रख सकती है तो कार्यों को ऑफलाइन ही निपटाने की व्यवस्था क्यों नहीं कर देती है. उन्होंने कहा कि चार दिनों में म्यूटेशन कार्य शुरू नहीं किया गया, तो बसपा आंदोलनात्मक रुख अपनाने को बाध्य होगी.