पलामू (PALAMU): जिले में मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान की शुरुआत हो गई है. अभियान के पहले ही दिन जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने मतदाताओं और चुनाव कर्मियों से संवाद करते हुए अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की.
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मंगलवार से जिले में गहन विशेष पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-2026) के तहत एन्यूमरेशन फेज शुरू कर दिया गया. इस चरण के अंतर्गत 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म उपलब्ध कराएंगे और भरे हुए फॉर्म एकत्र करेंगे. अभियान के पहले दिन उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने मेदिनीनगर स्थित पलामू क्लब, मदरसा अलहेदाया (कुंड मोहल्ला) तथा नगर निगम के पुराने भवन में संचालित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और वहां आयोजित चुनाव पाठशालाओं में भी भाग लिया.
चुनाव पाठशालाओं में उपायुक्त ने बूथ लेवल अधिकारियों (BLO), बूथ लेवल एजेंट-2 (BLA-2), जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मतदाताओं से बातचीत की. इस दौरान उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान, नए मतदाताओं के पंजीकरण और मतदाता सूची को अपडेट करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई. उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संचालित किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी आवश्यक है.
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि जब बूथ लेवल अधिकारी उनके घर पहुंचें, तो वे उन्हें पूरा सहयोग दें. साथ ही एन्यूमरेशन फॉर्म में सही जानकारी भरकर समय पर जमा करें, ताकि मतदाता सूची में किसी प्रकार की त्रुटि न रहे और सभी पात्र नागरिकों का नाम सूची में शामिल हो सके. निरीक्षण के दौरान उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे. जिला प्रशासन का कहना है कि पूरे अभियान की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि मतदाता सूची का पुनरीक्षण निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके.

