पलामू (PALAMU): जिले में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से एसपी कपिल चौधरी ने टीओपी (पुलिस आउटपोस्ट) प्रभारियों की तैनाती को लेकर नई व्यवस्था लागू की है. अब किसी भी टीओपी प्रभारी का कार्यकाल अधिकतम 15 दिनों का होगा और निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद उनका स्थानांतरण कर दिया जाएगा. एसपी ने बताया कि मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के तीनों टीओपी प्रभारियों की नियुक्ति और बदलाव की जिम्मेदारी संबंधित थाना प्रभारी को सौंपी गई है. उनका मानना है कि इस व्यवस्था से क्षेत्रीय निगरानी बेहतर होगी और पुलिस कार्यप्रणाली में अधिक पारदर्शिता आएगी.
पलामू में लंबे समय से टीओपी में एएसआई स्तर के अधिकारियों की तैनाती की जाती रही है. पहले इनकी पोस्टिंग सीधे एसपी कार्यालय से होती थी, लेकिन बाद में व्यवस्था में बदलाव कर यह अधिकार थाना प्रभारियों को दे दिया गया था. अब उसी व्यवस्था को और सख्ती से लागू करने की दिशा में कदम उठाया गया है. इससे पहले वर्ष 2023 में भी टीओपी प्रभारियों की तैनाती को लेकर महत्वपूर्ण बदलाव किए गए थे. उस दौरान सदर थाना प्रभारी सहित कई टीओपी प्रभारियों को लाइन हाजिर किया गया था और तैनाती प्रक्रिया में सुधार के लिए नई नीति अपनाई गई थी.
जानकारी के अनुसार, पूर्व एसपी रीष्मा रमेशन के कार्यकाल में भी टीओपी प्रभारियों के नियमित बदलाव की योजना बनाई गई थी, लेकिन वह व्यवस्था लंबे समय तक प्रभावी नहीं रह सकी. वर्तमान में कुछ टीओपी में प्रभारी कई वर्षों से कार्यरत थे, जबकि एक टीओपी में हाल ही में नया प्रभारी नियुक्त किया गया था. अब नई व्यवस्था लागू होने के बाद हर 15 दिन में टीओपी प्रभारियों की अदला-बदली होगी. पुलिस प्रशासन का मानना है कि इससे क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, निष्पक्ष कार्यप्रणाली और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सकेगी.