पलामू हिंसा केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार

पलामू हिंसा केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, 9 आरोपी गिरफ्तार

पलामू: जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित बंदुआ गांव में 29 जुलाई को हुई गोलीबारी और चाकूबाजी की घटना में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस हिंसक वारदात में एक व्यक्ति को गोली लगी थी, जबकि दो अन्य लोग चाकू के हमले में घायल हुए थे. घायलों में शामिल मकबूल अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई थी. पुलिस ने इस मामले में कुल 19 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है. इनमें से अब तक नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि शेष आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है.

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में इमरान मियां, सरातुल मियां, शहबाज मियां, तबरेज आलम, इसराफिल मियां, सोनू मियां, गोकुल मियां, शेरू मियां और पालु मियां शामिल हैं. सभी आरोपी बंदुआ गांव के निवासी हैं. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. उनकी निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया खून से सना धारदार चाकू बरामद किया है.

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य भी जुटाए हैं. इनमें 7.65 एमएम का एक खाली कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई दो बेल्ट और खून के नमूने शामिल हैं. पुलिस का कहना है कि इन सभी साक्ष्यों को जब्त कर आगे की वैज्ञानिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरे विवाद की शुरुआत एक कथित छेड़खानी की घटना से हुई थी. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि कुछ लोगों पर एक युवती के साथ छेड़खानी करने का आरोप लगा था. इस घटना की जानकारी मिलने के बाद युवती के पिता अपने साले के साथ संबंधित युवक के घर शिकायत करने पहुंचे. वहां दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया.

बताया जा रहा है कि विवाद यहीं समाप्त नहीं हुआ. कुछ देर बाद दूसरा पक्ष दोबारा युवती के घर पहुंचा, जिसके बाद तनाव और बढ़ गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई और मामला गोलीबारी तथा चाकूबाजी तक पहुंच गया. इस हिंसक झड़प में कई लोग घायल हुए, जबकि गंभीर रूप से जख्मी मकबूल अंसारी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

घटना के संबंध में चैनपुर थाना में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), आर्म्स एक्ट और पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शामिल आजाद मियां के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट सहित कई आपराधिक मामले दर्ज हैं. फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.