JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में पलामू में CID का बड़ा एक्शन, कई ठिकानों से जब्त हुए अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

JPSC परीक्षा गड़बड़ी मामले में पलामू में CID का बड़ा एक्शन, कई ठिकानों से जब्त हुए अहम दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस

पलामू (PALAMU): झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच लगातार तेज होती जा रही है. इसी कड़ी में सोमवार को अपराध अनुसंधान विभाग (CID) और पलामू पुलिस की संयुक्त टीम ने जिले में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. इस कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण अपने कब्जे में लिए हैं, जिनकी अब गहन जांच की जा रही है.

जांच एजेंसियों ने सबसे पहले मेदिनीनगर के हमीदगंज स्थित बीएन कॉलेज के पास रहने वाले संतोष कुमार सिंह के आवास पर छापेमारी की. इसके बाद टीम ने नौडीहा बाजार स्थित उनके पैतृक घर की भी तलाशी ली. घंटों चली कार्रवाई के दौरान कई दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस बरामद किए गए, जिन्हें जांच के लिए जब्त कर लिया गया है. अधिकारियों का मानना है कि इन सामग्रियों से मामले से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं. इसी अभियान के तहत संयुक्त टीम ने मेदिनीनगर के बारालोटा (बारहलोटा) इलाके में स्थित रविशंकर कुमार के आवास पर भी दबिश दी. यहां भी जांच अधिकारियों ने कई दस्तावेज और डिजिटल उपकरणों की जांच की तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. छापेमारी के बाद पूरे इलाके में हलचल का माहौल है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं.

जब्त किए गए दस्तावेजों, मोबाइल फोन, कंप्यूटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फॉरेंसिक जांच कराई जाएगी. जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ी के पीछे किन-किन लोगों की भूमिका रही और परीक्षा प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता या साजिश के प्रमाण मिलते हैं या नहीं. पुलिस और सीआईडी अधिकारियों ने फिलहाल मामले में अधिक जानकारी साझा नहीं की है. उनका कहना है कि जांच अभी जारी है और जब्त किए गए साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. माना जा रहा है कि JPSC परीक्षा अनियमितता मामले में चल रही यह कार्रवाई जांच को नए मोड़ तक पहुंचा सकती है और आने वाले दिनों में कई और अहम खुलासे सामने आ सकते हैं.