पलामू में महिलाओं को झांसे में लेकर गहने चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

पलामू में महिलाओं को झांसे में लेकर गहने चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़, छह आरोपी गिरफ्तार

TNP DESK: पलामू जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र में महिलाओं को बहला-फुसलाकर उनके गहने चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार के नेतृत्व में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया सोने का मंगलसूत्र, एक कार, दो बाइक, नकली पाउडर समेत कई अन्य सामान भी बरामद किए हैं.

एसडीपीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि 2 जून को दोपहर करीब 12:20 बजे ग्राम हुलसी निवासी अनिता देवी के घर एक अज्ञात व्यक्ति पहुंचा. उसने खुद को सांप पकड़ने से जुड़ा जानकार बताकर महिला से बातचीत शुरू की. इसी दौरान उसने गहने साफ करने और सुरक्षा का झांसा देकर महिला का सोने का मंगलसूत्र उतरवा लिया और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर नौडीहा बाजार थाना में मामला दर्ज किया गया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पलामू के निर्देश पर एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई. कार्रवाई के दौरान गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न गांवों में घूमकर महिलाओं को झांसे में लेते थे और उनके गहने लेकर फरार हो जाते थे. बाद में चोरी किए गए आभूषणों को बेच दिया जाता था.

पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी गया सोने का मंगलसूत्र, गहने साफ करने के नाम पर इस्तेमाल किया जाने वाला सफेद पाउडर, हार्पिक की डिब्बी, रेखा एसिड, एक कार, दो मोटरसाइकिल और माप-तौल करने वाली मशीन बरामद की है.

गिरफ्तार आरोपियों में प्रिंस कुमार (जिला सुपौल), राहुल कुमार, मुन्नू कुमार शाह, रोहन कुमार (थाना जदिया, जिला अररिया), अजय कुमार और रोहित कुमार शामिल हैं. सभी आरोपी बिहार के विभिन्न क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं.

पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस कार्रवाई में नौडीहा बाजार थाना प्रभारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे. पुलिस का मानना है कि गिरोह के तार अन्य जिलों और राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है.