हुसैनाबाद में दूसरी पत्नी के चक्कर में पिता ने अपनी ही बेटी का कर दिया कत्ल, ऐसे खुला खौफनाक राज

पलामू के हुसैनाबाद में 20 वर्षीय अफसाना परवीन की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार किया है. दोनों पर मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप है.

हुसैनाबाद में दूसरी पत्नी के चक्कर में पिता ने अपनी ही बेटी का कर दिया कत्ल, ऐसे खुला खौफनाक राज

पलामू (PALAMU): झारखंड के पलामू जिले में 20 वर्षीय युवती अफसाना परवीन की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार किया है. दोनों पर युवती के साथ लगातार मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है. पुलिस ने मृतका की बहन की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

मामला हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव का है. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिव्यांश शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 4 नवंबर 2026 को मृतका की बहन अजमेरी बीबी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अफसाना के पिता रऊफ अंसारी और सौतेली मां जूही परवीन उसके साथ लगातार मारपीट करते थे और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे. बहन के अनुसार, 3 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे अफसाना ने फोन कर अपने साथ हो रही मारपीट और प्रताड़ना की जानकारी भी दी थी.

शिकायत के आधार पर हुसैनाबाद थाना कांड संख्या 223/26 के तहत बीएनएस की धारा 108/35(3) में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. अनुसंधान के दौरान त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 50 वर्षीय रऊफ अंसारी, पिता रमजान मियां और 35 वर्षीय जूही परवीन, पति रऊफ अंसारी के रूप में हुई है. दोनों मोहम्मदाबाद गांव के निवासी हैं. एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले से जुड़े अन्य आवश्यक साक्ष्य जुटा रही है और आगे की अनुसंधान प्रक्रिया जारी है. प्रेस कांफ्रेंस में इंस्पेक्टर सह हुसैनाबाद थाना प्रभारी चंदन कुमार समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे.

पुलिस ने आम लोगों से की अपील
इस घटना के बाद एसडीपीओ दिव्यांश शुक्ला ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद, घरेलू हिंसा, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना जैसी घटनाओं को गंभीरता से लें. यदि किसी व्यक्ति को परिवार या समाज के किसी सदस्य द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है या वह आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कह रहा है, तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या पुलिस को दें. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और पीड़ित व्यक्ति को अकेला नहीं छोड़ना चाहिए. समय रहते पुलिस और प्रशासन को सूचना देकर किसी की जान बचाई जा सकती है.