आज होगा गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार, पुलिस निगरानी में नावाडीह गांव पहुंचेगा शव

आज होगा गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार, पुलिस निगरानी में नावाडीह गांव पहुंचेगा शव

पलामू (PALAMU): झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा का अंतिम संस्कार मंगलवार को पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड स्थित उसके पैतृक गांव  मरहा पथरा में किया जाएगा. जानकारी के अनुसार, जामताड़ा सदर अस्पताल से पोस्टमार्टम के बाद उसका शव मंगलवार दोपहर गांव पहुंचने की संभावना है. शव पहुंचने के बाद गांव के बाहर कररबार नदी के तट पर अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों के पहुंचने की भी संभावना है. किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.

अंतिम संस्कार में सुजीत सिन्हा की मां, भाई-बहनों समेत परिवार के अन्य सदस्यों के शामिल होने की संभावना है. वहीं, पुलिस हिरासत में बंद उसकी पत्नी रिया सिन्हा को भी अंतिम संस्कार में शामिल कराने को लेकर प्रशासनिक स्तर पर विचार किया जा रहा है. हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. नावाडीह गांव और आसपास के इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है, ताकि कानून-व्यवस्था पूरी तरह बनी रहे. प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.

गौरतलब है कि रविवार रात जामताड़ा जिले में पुलिस मुठभेड़ के दौरान सुजीत सिन्हा की मौत हो गई थी. पुलिस का दावा है कि उसे साहिबगंज जेल से धनबाद जेल ले जाया जा रहा था. इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके जवाब में पुलिस की कार्रवाई में वह घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई. दूसरी ओर, सुजीत सिन्हा की सास उषा देवी ने इस पूरी घटना को फर्जी मुठभेड़ करार देते हुए पुलिस पर सुनियोजित हत्या का आरोप लगाया है. इस मामले को लेकर लगातार चर्चाएं जारी हैं और घटना की निष्पक्ष जांच की मांग भी उठ रही है.