हुसैनाबाद में निःशुल्क आरोग्य शिविर शुरू, काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में उमड़ी भीड़
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुसैनाबाद के अनुमंडल मैदान, जपला में निःशुल्क आरोग्य शिविर और श्रीराम कथा का आयोजन शुरू हुआ है.
पलामू (PALAMU): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हुसैनाबाद के अनुमंडल मैदान, जपला में निःशुल्क आरोग्य शिविर और श्रीराम कथा का आयोजन शुरू हुआ है. सेवा और जनकल्याण से जुड़े इस कार्यक्रम में काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं दी जा रही हैं. कार्यक्रम का आयोजन पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के सौजन्य से और युवा नेता सूर्या सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है.
पूर्व मंत्री ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर की. इस दौरान भाजपा पलामू जिलाध्यक्ष अमित तिवारी समेत कई लोग मौजूद रहे. काली कंबल वाले बाबा की मौजूदगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा. शिविर में दूर-दराज से पहुंचे लोगों को स्वास्थ्य संबंधी सलाह और उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.

पहले दिन हजारों लोग पहुंचे
आरोग्य शिविर के पहले ही दिन बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे. हुसैनाबाद और पलामू के अलग-अलग इलाकों के अलावा बिहार से भी लोग इलाज और स्वास्थ्य परामर्श के लिए पहुंचे. आयोजकों के मुताबिक, शिविर में मरीजों को बिना किसी शुल्क के स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
यह शिविर 1 अक्टूबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलेगा. सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाले इस शिविर में लकवा, शुगर, ब्लड प्रेशर, कमर और घुटने के दर्द, गठिया और निःसंतानता समेत कई स्वास्थ्य समस्याओं से जुड़े मरीजों को सुविधा देने की बात कही गई है.
शाम को होगी श्रीराम कथा
आरोग्य शिविर के साथ रोजाना शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक श्रीराम कथा का भी आयोजन हो रहा है. काली कंबल वाले बाबा के सानिध्य में होने वाली कथा में श्रद्धालु भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं.
आयोजकों का कहना है कि इस आयोजन का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के जरिए लोगों को जोड़ना है.