PALAMU: पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के निर्देश पर उनके प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड JBVNL के मेदिनीनगर स्थित महाप्रबंधक से मुलाकात कर हुसैनाबाद-हरिहरगंज विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार को लेकर 12 सूत्री मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विद्युत समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग उठाई.
ज्ञापन में हुसैनाबाद में अनुमंडल विद्युत डिवीजन की स्थापना, पचंबा ग्रिड में 50 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर लगाने, विभिन्न विद्युत उपकेंद्रों को मजबूत करने और बैराव पावर सब-स्टेशन की क्षमता बढ़ाने जैसी प्रमुख मांगें शामिल की गईं. इसके अलावा किसानों के जले हुए ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने, हरिहरगंज और पिपरा क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा बिजली व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने से जुड़े कई अन्य मुद्दे भी उठाए गए.
प्रतिनिधिमंडल ने महाप्रबंधक से कहा कि इन मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, क्योंकि क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से बिजली की अनियमित आपूर्ति और तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. उनका कहना था कि बार-बार बिजली बाधित होने से आम लोगों के साथ-साथ किसानों और व्यापारियों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है.
प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि जनहित से जुड़ी इन मांगों पर शीघ्र और समयबद्ध कार्रवाई नहीं की गई, तो पूर्व मंत्री कमलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में क्षेत्र की जनता के साथ लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण आंदोलन शुरू किया जाएगा. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति बनने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी.
महाप्रबंधक से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में वरिष्ठ भाजपा नेता रामप्रवेश सिंह, भाजपा नेता योगेंद्र कुमार सिंह, विनय पासवान, सोमेश सिंह, हंसराज सिंह, रंजीत पासवान और राजीव रंजन शामिल रहे.

