डाल्टनगंज (DALTONGANJ): उत्तर प्रदेश के थाना कोतवाली देवगांव क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया जहां किछौछा शरीफ से जियारत कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं की कार उत्तर प्रदेश के थाना कोतवाली देवगांव क्षेत्र के अंतर्गत भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई. यह दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि मौके पर ही चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. हादसे की सूचना मिलते ही पूरे डाल्टनगंज शहर में शोक की लहर दौड़ गई और माहौल गमगीन हो गया. स्थानीय लोगों में घटना को लेकर गहरा आक्रोश और दुख देखा जा रहा है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतकों में डाल्टनगंज छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज़ रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश अंकल, सब्जी मंडी के जाने-माने व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल हैं. बताया जा रहा है कि सभी लोग धार्मिक यात्रा पूरी कर अपने घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. वहीं प्रारंभिक जांच में हादसे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार वाहन की गति और सड़क की स्थिति सहित सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है. घटना के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल व्याप्त है.

