पलामू में CCL की कोलियरी में ब्लास्टिंग पर विवाद, 500 किलो विस्फोटक रोकने पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तनाव
पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में CCL कोलियरी में ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों का विरोध. 500 किलो विस्फोटक रोकने के मामले में दो एफआईआर दर्ज.
पलामू के पड़वा थाना क्षेत्र में CCL कोलियरी में ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों का विरोध. 500 किलो विस्फोटक रोकने के मामले में दो एफआईआर दर्ज.
पलामू (PALAMU): झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में सीसीएल की कोलियरी में ब्लास्टिंग को लेकर ग्रामीणों और प्रबंधन के बीच विवाद गहरा गया है. ग्रामीणों ने ब्लास्टिंग के लिए ले जाए जा रहे करीब 500 किलो विस्फोटक से लदी गाड़ी को रास्ते में रोक दिया. इस मामले में सीसीएल प्रबंधन और महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.
मामले की शुरुआत 21 नवंबर को हुई, जब ब्लास्टिंग के लिए करीब 500 किलो विस्फोटक को माइंस तक पहुंचाया जा रहा था. इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने विस्फोटक लदी गाड़ी को रोक दिया. इसे लेकर सीसीएल प्रबंधन और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस हुई. घटना के बाद सीसीएल के सुरक्षा विभाग में कार्यरत बलराम साव ने 15 ग्रामीणों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई. शिकायत में आरोप लगाया गया है कि ग्रामीण लगातार प्रतिबंधित क्षेत्र में प्रवेश करते हैं.
दूसरी ओर, ग्रामीणों का कहना है कि कोलियरी में उनके घरों के नजदीक ब्लास्टिंग की जा रही है, जिससे मकानों को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है. ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी ब्लास्टिंग के दौरान तीन लोगों को चोट लग चुकी है. इसी वजह से वे विस्फोटक ले जाने का विरोध कर रहे हैं.
विवाद की दूसरी घटना 23 नवंबर की देर शाम सामने आई. ब्लास्टिंग के लिए विस्फोटक ले जा रही गाड़ी को ग्रामीणों ने फिर रोक दिया. सूचना मिलने पर पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया. इसी दौरान एक महिला विस्फोटक के पास पहुंच गई. मौके पर मौजूद महिला पुलिसकर्मी तारा देवी ने उसे वहां से हटाने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान अन्य ग्रामीणों के साथ उनकी कहासुनी और विवाद हो गया.
इस घटना के बाद महिला सिपाही तारा देवी ने छह नामजद और 30 से 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पड़वा थाना प्रभारी अंकित कुमार ने बताया कि मामले में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं. पहली प्राथमिकी सीसीएल प्रबंधन की ओर से दी गई शिकायत पर, जबकि दूसरी महिला सिपाही के आवेदन पर दर्ज हुई है. पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है.