कोयला मजदूरों की आवाज होगी बुलंद, हिन्द मजदूर सभा का रजहरा में खुला कार्यालय, बीनू ने कंपनी को दी चेतवानी

कोयला मजदूरों की आवाज होगी बुलंद, हिन्द मजदूर सभा का रजहरा में खुला कार्यालय, बीनू ने कंपनी को दी चेतवानी

पलामू (PALAMU): जिले में संचालित कोलियरी में मजदूरों के साथ हो रहे अत्याचार और शोषण को देखते हुए हिन्द मजदूर सभा ने स्थाई कार्यालय जिले के पड़वा प्रखण्ड क्षेत्र में खोला है. जिससे विभिन्न कोल कंपनी में काम करने वाले मजदूर अपनी समस्या सीधे संगठन के पदाधिकारी के साथ साझा कर सके. साथ ही उनकी समस्या का हल संबंधित अधिकारी के मिल कर सभा के पदाधिकारी करा सके.    हिन्द मजदूर सभा का कार्यालय पड़वा प्रखण्ड क्षेत्र के राजहरा कोलियरी मोड़ पर खोला गया.  रविवार को इसका उदघाटन समाजसेवी विनय कुमार सिंह उर्फ बिनू सिंह ने किया.

कार्यालय उद्घाटन के पूर्व मजदूर और स्थानीय ग्रामीणों ने समाजसेवी विनय कुमार सिंह उर्फ बिनू सिंह का गर्मजोशी के साथ स्वागत करते हुए फुल माला देकर स्वागत किया. मौके पर समाजसेवी विनय कुमार सिंह उर्फ बिनू सिंह कहा कि सीसीएल का राजहरा कोलियरी सहित इलाके में जो भी निजी कोल कंपनी कार्य कर रहीं हैं वह अपने कार्य संस्कृति में सुधार लाएं.

किसी भी परिस्थिति में स्थानीय ग्रामीणों व मजदूरों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सीसीएल का राजहरा कोलियरी प्रबंधन जिस तरह से ग्रामीणों को बिना बसाएं उन्हें उजाड़ने का जो प्रयास कर रही है उसे एचएमएस कभी प्रबंधन के प्रयास को सफल नहीं होने देंगी. बिनू सिंह ने स्पष्ट रूप चेतावनी देते हुए कहा कि पूर्व में भी उन्होंने ही राजहरा कोलियरी के लोगों को उनका वास्तविक हक दिलाया था और पुनः ग्रामीणों व मजदूरों का हक दिलाने का काम करेंगे इसके लिए चाहे जितना बड़ा आंदोलन करना पड़े इसके लिए एच एम एस तैयार है. उन्होंने कहा कि सीसीएल प्रबंधन जिस तरह से नियम विरुद्ध तरीके से ब्लास्टिंग कर गरीबों का घर गिराने का जो काम कर रहीं हैं उसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि जो डीएमएफटी फंड का पैसा से इस इलाके का विकास होना चाहिए था वह पैसा दूसरे इलाके में चला जा रहा है. यहां के लोग धुल फांक रहे हैं और लाभ दूसरे क्षेत्रों के लोगों को दिया जा रहा है. अब इस अन्याय के खिलाफ बिगुल फूंक दिया गया है. जिप सदस्य जयशंकर सिंह उर्फ संग्राम सिंह ने कहा कि कोई भी कोल कंपनी स्थानीय लोगों को उनका वास्तविक हक अधिकार नहीं दे रहीं हैं. एच एम एस के जिलाध्यक्ष नितेश सिंह ने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से इस इलाके में जो भी कंपनी काम कर रही है उससे मजदूरों व स्थानीय ग्रामीणों को उनका हक अधिकार दिलाने का काम किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि अभी सभी कोल कंपनियों द्वारा स्थानीय ग्रामीणों व मजदूरों का शोषण किया जाता रहा है लेकिन अब कंपनी को अपनी कार्य संस्कृति में सुधार लाना होगा अन्यथा कंपनी को बोरिया बिस्तर बांधकर भागना पड़ेगा. इस मौके पर नीरज तिवारी, दिलीप पांडेय, विश्व प्रकाश सिंह, आशीष शुक्ला, धर्मेन्द्र पांडेय,वार्ड सदस्य अजय भुईयां,कवि मेहता,अजय चौहान, अनुज मेहता, प्रमोद मेहता, विक्की पांडेय सहित काफी संख्या में मजदूर व ग्रामीण मौजूद थे.