पलामू में जमीन विवाद पर भड़का बवाल, जातिसूचक गाली और मारपीट के लगे आरोप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

पलामू में जमीन विवाद पर भड़का बवाल, जातिसूचक गाली और मारपीट के लगे आरोप, दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR

पलामू (PALAMU): पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के बेनीखुर्द (शंकर नगर) गांव में जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गंभीर हमला और धमकी देने के आरोप लगाते हुए थाने में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने दोनों मामलों में जांच शुरू कर दी है.

पहले पक्ष की देवन्ती देवी ने शिकायत में आरोप लगाया कि सुबह घर के बाहर सफाई करने के दौरान संगीता देवी, रेखा देवी, अमित चौहान, बीर सिंह, उदय प्रताप चौहान समेत कई लोग लाठी-डंडा और अन्य हथियारों के साथ पहुंचे और उन पर हमला कर दिया. उन्होंने दावा किया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पति बैजनाथ रजक और बेटे के साथ भी मारपीट की गई. शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि हमलावरों ने उनके गहने छीन लिए, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और जान से मारने की धमकी दी.

वहीं, दूसरे पक्ष के अमित चौहान ने भी हुसैनाबाद थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में आरोप लगाया कि सुबह खेत से घर लौटते समय बैजनाथ रजक, रवी रजक, ओम शंकर रजक और देवन्ती देवी ने उन्हें घेरकर मारपीट की. उन्होंने बताया कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचीं उनकी पत्नी संगीता देवी पर भी हमला किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

हुसैनाबाद थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों व जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है.