TNP DESK: पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप में साझेदारी दिलाने के नाम पर एक करोड़ 32 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है. पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोप दो सगे भाइयों पर लगाया गया है, जिन पर भरोसा कर कारोबारी ने बड़ी रकम निवेश की थी.
दंगवार गांव निवासी सतीश कुमार सिंह ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि उनकी जमीन पर एक पेट्रोल पंप संचालित है. इसी दौरान उनकी पहचान बिहार के बक्सर जिले के रहने वाले सरोज सिंह और मनोज सिंह से हुई. दोनों ने उन्हें सासाराम में खरीदे जा रहे एक पेट्रोल-डीजल पंप में साझेदारी का प्रस्ताव दिया और निवेश के बदले हिस्सेदारी देने का भरोसा दिलाया.
सतीश कुमार सिंह के अनुसार, प्रस्ताव पर विश्वास करते हुए उन्होंने आरोपियों द्वारा बताए गए विभिन्न बैंक खातों में 70 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. इसके बाद मार्च 2024 में दोनों पक्षों के बीच एक समझौता भी हुआ. समझौते के बाद वह कारोबार से जुड़ी गतिविधियों में भी शामिल हो गए.
पीड़ित का आरोप है कि कुछ समय बाद दोनों भाइयों ने खुद को एक बैंक धोखाधड़ी मामले में फंसा हुआ बताते हुए उनसे अतिरिक्त रकम की मांग की. यह आश्वासन दिया गया कि भुगतान के बाद पेट्रोल पंप और टैंकर का स्वामित्व उनके नाम कर दिया जाएगा. भरोसे में आकर उन्होंने 62 लाख रुपये और दे दिए. इस तरह कुल निवेश राशि 1.32 करोड़ रुपये तक पहुंच गई.
आरोप है कि पूरी रकम लेने के बाद उन्हें साझेदारी से अलग कर दिया गया. जब उन्होंने अपना पैसा या अधिकार मांगा तो टालमटोल की गई. बाद में कथित तौर पर समझौते को मानने से भी इनकार कर दिया गया. पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि रकम वापस मांगने पर उन्हें धमकियां दी गईं.
पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गहन जांच की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


