पलामू (PALAMU): जिले में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की लाभुकों को एक साथ दो किस्तों की राशि भेजी गई है. सभी लाभुकों के खाते में 5,000 रुपये क्रेडिट हो गए हैं. यह राशि योजना की 21वीं और 22वीं किस्त के रूप में भेजी गई है. विभाग के दावे के मुताबिक 10 जून से राशि भेजने की प्रक्रिया शुरू होनी थी और इसी तारीख से लाभुकों के खातों में पैसे पहुंचने लगे हैं. जिले के 3 लाख 55 हजार से अधिक लाभुकों के खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से राशि भेजी गई है.
बता दें कि मंईयां सम्मान योजना की लाभुक 21वीं और 22वीं किस्त का लंबे समय से इंतजार कर रही थीं. हर दिन उन्हें उम्मीद थी कि जल्द कोई अच्छी खबर मिलेगी. विभाग ने अपने वादे के अनुसार 10 जून को योजना की किस्त जारी कर दी और लाभुकों के खातों में राशि पहुंचनी शुरू हो गई. इससे पहले अप्रैल माह में योजना की 20वीं किस्त के रूप में 2,500 रुपये भेजे गए थे. हालांकि अप्रैल और मई माह की किस्त के लिए लाभुकों को लंबा इंतजार करना पड़ा. अब 3 लाख 55 हजार से अधिक लाभुकों के खाते में सरकार ने एक साथ राशि ट्रांसफर कर दी है.
जानिए किसे भेजी गई राशि
जिन लाभुकों के खाते में मार्च माह की किस्त अप्रैल में 2,500 रुपये के रूप में पहुंची थी, उनके खाते में अब अप्रैल और मई माह की किस्त भेजी गई है. एक साथ 5,000 रुपये ट्रांसफर किए गए हैं. यदि आपका बैंक खाता आधार कार्ड से लिंक है और आपने सत्यापन की प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली है, तो घबराने की जरूरत नहीं है. विभाग का कहना है कि यदि किसी लाभुक के खाते में अभी तक राशि नहीं पहुंची है, तो एक-दो दिनों में पैसे पहुंच जाएंगे.
पलामू के बाद अन्य जिलों में भी योजना की किस्त भेजने की तैयारी शुरू कर दी गई है. आने वाले दिनों में अन्य जिलों के लाभुकों को भी एक साथ दो किस्तों की राशि भेजी जाएगी. एकमुश्त 5,000 रुपये मिलने से लाभुकों के चेहरे पर खुशी साफ देखी जा रही है. झारखंड में मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की 50 लाख से अधिक लाभुक हैं, जिनके खाते में डीबीटी के माध्यम से हर माह राशि भेजी जाती है. सरकार का उद्देश्य है कि इस योजना के जरिए राज्य की महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त बनें और अपनी जरूरतों को पूरा करने में सक्षम हों.


