बड़ी खबर: ड्यूटी की कमान देने के एवज में मुंशी ने मांगी 10 हजार रुपये घूस, ACB ने रंगे हाथों दबोचा
पलामू में एसीबी ने होमगार्ड कार्यालय के मुंशी साकेश कुजूर को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. आरोपी पर ड्यूटी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप है.
पलामू (PALAMU): पलामू जिले में एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए होमगार्ड कार्यालय में तैनात एक मुंशी को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान साकेश कुजूर के रूप में हुई है. आरोप है कि वह होमगार्ड में ड्यूटी लगाने के नाम पर लोगों से अवैध रूप से पैसे की मांग कर रहा था.
जानकारी के अनुसार, होमगार्ड कार्यालय के मुंशी साकेश कुजूर पर कई लोगों से ड्यूटी दिलाने के बदले 10-10 हजार रुपये मांगने का आरोप है. इस मामले में एक व्यक्ति ने एंटी करप्शन ब्यूरो से लिखित शिकायत की थी. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि होमगार्ड में ड्यूटी देने के एवज में उससे रिश्वत मांगी जा रही है. शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पहले आरोपों का सत्यापन कराया.
जांच के दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद एसीबी की टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया. तय योजना के तहत जैसे ही मुंशी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, पहले से तैयार एसीबी की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को लेकर टीम आगे की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है. इस कार्रवाई के बाद होमगार्ड कार्यालय में हड़कंप मच गया है. एसीबी की कार्रवाई को सरकारी कामकाज में रिश्वतखोरी के खिलाफ एक अहम कदम माना जा रहा है.