पलामू के मजदूर की उड़ीसा में दर्दनाक मौत, शव देखते ही फूट-फूटकर रोए परिजन

पलामू के मजदूर की उड़ीसा में दर्दनाक मौत, शव देखते ही फूट-फूटकर रोए परिजन

पलामू(PALAMU): हुसैनाबाद क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है. क्षेत्र के कबरा कला गांव निवासी 35 वर्षीय घनश्याम पासवान की उड़ीसा के राउरकेला में हुई दर्दनाक मौत ह गई है जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई. सोमवार को जैसे ही उनका शव गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो उठा. पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घनश्याम पासवान पिछले तीन वर्षों से राउरकेला में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे. वह पत्नी और दो बच्चों के साथ वहीं रहते थे. बताया जाता है कि कुछ दिन पहले रात में परिवार के सभी सदस्य छत पर सो रहे थे. इसी दौरान नींद में उठने पर घनश्याम संतुलन खो बैठे और बिना रेलिंग वाली छत से नीचे गिर गए. जिसके बाद गंभीर रूप से घायल घनश्याम को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां तीन दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद रविवार को उन्होंने दम तोड़ दिया.

आपको बता दे, पूर्व पंचायत समिति सदस्य रामप्रवेश सिंह ने बताया कि सोमवार को घनश्याम का शव गांव लाया गया, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में मातम छा गया. बाद में सोन नदी तट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया. घनश्याम अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं. परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. गांव के लोगों ने शोक व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता दिलाने की मांग की है.