पलामू में माओवादी के ठिकाने से हथियारों का जखीरा बरामद, SLR राइफल और 290 कारतूस बरामद

पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. हुसैनाबाद के केमो-दुधिया जंगल से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है. बरामद हथियारों में एक स्वचालित SLR राइफल, 290 जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री समेत कई सामान शामिल हैं.

पलामू में माओवादी के ठिकाने से हथियारों का जखीरा बरामद, SLR राइफल और 290 कारतूस बरामद

पलामू(PALAMU): जिले से पुलिस ने माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. हुसैनाबाद के केमो-दुधिया जंगल से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया गया है. बरामद हथियारों में एक स्वचालित SLR राइफल, 290 जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री समेत कई सामान शामिल हैं. बुधवार को पलामू एसपी कपिल कुमार चौधरी ने जिला पुलिस मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस कार्रवाई की जानकारी दी.

63 आपराधिक मामलों का आरोपी महाराष्ट्र से गिरफ्तार

एसपी ने बताया कि इस मामले में संजय यादव को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार किया गया है. उसके खिलाफ झारखंड और बिहार के अलग-अलग थानों में कुल 63 आपराधिक मामले दर्ज हैं. इनमें पलामू के 32, गढ़वा का एक, बिहार के औरंगाबाद के 20 और गयाजी के 10 मामले शामिल हैं. गुप्त सूचना के आधार पर मुंबई एटीए ने उसे ठाणे से पकड़ा था. इसके बाद पलामू पुलिस की टीम महाराष्ट्र पहुंची और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उसे गिरफ्तार किया. छतरपुर एसडीपीओ प्रशांत कुमार और हरिहरगंज थाना के एसआई कुमार सौरभ को 6 नवंबर को महाराष्ट्र भेजा गया था. 7 नवंबर को ट्रांजिट रिमांड पर उसे पलामू लाया गया. वहीं, 9 नवंबर को कोर्ट में पेशी के बाद जेल भेज दिया गया.

जंगल से मिले हथियार और विस्फोटक सामग्री

पुलिस ने छतरपुर जंगल में छापेमारी कर उसके ठिकाने से 7.62 एमएम की एक स्वचालित SLR राइफल बरामद की. इसके अलावा 7.62 एमएम के 140 और 0.303 एमएम के 150 जिंदा कारतूस मिले. पुलिस को तीन खाली मैगजीन, राइफल का एक बट, मैगजीन पाउच, चार गोली चार्जर, फोर साइट, एम-सील, सीलिंग, दो टीन के केन और एक सफेद केसिंग पाइप भी मिला है.

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार माओवादी के सहयोगियों और उसके नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश की जा रही है. पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि संगठन के अन्य सदस्य कहां सक्रिय हैं और हथियारों को जंगल में किस मकसद से छिपाकर रखा गया था.