पाकुड़ में बिना लाइसेंस अवैध शराब बिक्री का आरोप, ग्रामीणों में आक्रोश
पाकुड़ सदर प्रखंड के जमशेदपुर पंचायत के अहमदाबाद गांव में बिना लाइसेंस शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है. गांव के धंनसरिया फुटानी मोड़ पर संचालित एक दुकान को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान पर अंग्रेजी शराब बेची जाती है.
पाकुड़(PAKUR): पाकुड़ सदर प्रखंड के जमशेदपुर पंचायत के अहमदाबाद गांव में बिना लाइसेंस शराब की बिक्री किए जाने का मामला सामने आया है. गांव के धंनसरिया फुटानी मोड़ पर संचालित एक दुकान को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि दुकान पर अंग्रेजी शराब बेची जाती है, जिसके कारण आसपास का माहौल खराब हो रहा है. लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दुकान को हटाने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है.
महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा पर उठे सवाल
ग्रामीणों का कहना है कि शराब की दुकान पर अक्सर असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है. इसके कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़खानी, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार जैसी घटनाओं की आशंका बनी रहती है. इससे लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है. ग्रामीणों ने यह भी चिंता जताई कि ऐसे माहौल का बच्चों पर गलत प्रभाव पड़ सकता है.
दुकानदार पर बिना लाइसेंस शराब बेचने का आरोप
ग्रामीणों ने दुकान चलाने वाले दशरथ मंडल पर बिना वैध लाइसेंस अंग्रेजी शराब बेचने का आरोप लगाया है. ग्रामीणों के अनुसार, जब इस संबंध में दुकानदार से बात की गई, तो उसने कहा कि उसके पास शराब बेचने का लाइसेंस नहीं है, फिर भी वह शराब बेचेगा. इस बयान के बाद ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई है. हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस मामले में जल्द कार्रवाई जरूरी है. उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से दुकान की जांच कराने, शराब बिक्री की वैधता की पड़ताल करने और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है. फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन के अगले कदम पर टिकी है. अब देखना होगा कि शिकायत के बाद संबंधित विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है.
रिपोर्ट: विकास कुमार