पाकुड़ (PAKUR): झारखंड के पाकुड़ जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया. अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के सिंगारसी-अमड़ापाड़ा मुख्य सड़क स्थित मालीपाड़ा ढलान के पास बारातियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई. इस दर्दनाक दुर्घटना में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 30 से अधिक बाराती घायल हो गए.
मृतकों की पहचान ओलेन मुर्मू और राजेश टुडू के रूप में हुई है. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले राहत और बचाव कार्य में जुटे. सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में बड़ी संख्या में बाराती सवार थे. मालीपाड़ा ढलान के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस सड़क किनारे पलट गई. हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में कराया जा रहा है. कुछ गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए उच्च स्वास्थ्य केंद्रों में रेफर किए जाने की भी जानकारी सामने आ रही है.
फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बस को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. प्रारंभिक तौर पर बस के अनियंत्रित होने को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि घायल यात्रियों के परिजन अस्पतालों में पहुंचकर उनका हालचाल जान रहे हैं.
रिपोर्ट: विकास कुमार


