पाकुड़: आदिवासी परिवार का पक्का घर का सपना हुआ पूरा, डीसी ने सौंपी चाबी
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के मौके पर पाकुड़ जिले में जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में पाकुड़ प्रखंड के रामचन्द्रपुर गांव की रहने वाली कविता पहाड़िया के लिए यह दिन खास बन गया.
पाकुड़(PAKUR): झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के मौके पर पाकुड़ जिले में जरूरतमंद परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने का सिलसिला जारी है. इसी कड़ी में पाकुड़ प्रखंड के रामचन्द्रपुर गांव की रहने वाली कविता पहाड़िया के लिए यह दिन खास बन गया. लंबे समय से पक्के मकान की उम्मीद लगाए इस आदिवासी परिवार का सपना अब पूरा हो गया है. प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) योजना के तहत बने नए आवास की चाबी उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने लाभुक को सौंपी.
डीसी ने विधिवत कराया गृह प्रवेश
उपायुक्त मेघा भारद्वाज पाकुड़ प्रखंड की नरोत्तमपुर पंचायत स्थित रामचन्द्रपुर गांव पहुंचीं. यहां पीएम-जनमन योजना के तहत निर्मित आवास का गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था. उपायुक्त ने नारियल फोड़कर और फीता काटकर गृह प्रवेश की रस्म पूरी की. इसके बाद उन्होंने लाभुक कविता पहाड़िया को नए घर की चाबी सौंपी और परिवार के साथ गृह प्रवेश कराया. इस दौरान उन्होंने कविता पहाड़िया को नए घर की बधाई देते हुए उनके परिवार के सुखी और खुशहाल जीवन की कामना की.
आंगन में किया गया पौधारोपण
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू और पाकुड़ के प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी अरविंद कुमार वेदिया ने नवनिर्मित आवास के आंगन में पौधारोपण किया. अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए घर के आसपास हरियाली बनाए रखने की अपील भी की.
पक्का मकान मिलने से परिवार में खुशी
कविता पहाड़िया के परिवार के लिए पक्का मकान मिलना किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है. नए घर की चाबी मिलने के बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी. उन्होंने इस मदद के लिए सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया. उनका कहना था कि पक्का घर मिलने से परिवार को अब सुरक्षित और बेहतर तरीके से रहने का अवसर मिलेगा.
इस मौके पर पंचायत सचिव उत्तम घोष समेत पंचायत के अन्य प्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे. झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत आयोजित यह कार्यक्रम सरकारी योजनाओं को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाने की पहल का हिस्सा रहा.
रिपोर्ट- विकास कुमार