पाकुड़ (PAKUR):पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के लखनपुर और रामपुर गांव में दो समुदायों के बीच तनाव की स्थिति बन गई.जानकारी के अनुसार, एक युवक पर दूसरे समुदाय की नवविवाहिता महिला के साथ छेड़छाड़ और आपत्तिजनक तरीके से परेशान करने का आरोप लगाया गया.घटना की जानकारी मिलते ही महिला के परिजनों और आरोपी युवक के परिवार के बीच विवाद शुरू हो गया.देखते ही देखते गांव में तनाव का माहौल बन गया और स्थिति बिगड़ने की आशंका पैदा हो गई.
हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती
मामले की सूचना मिलते ही हिरणपुर थाना पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई. गांव में दो पुलिस वाहनों के साथ जवानों को तैनात किया गया और एहतियात के तौर पर अस्थायी पुलिस कैंप भी स्थापित कर दिया गया, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके.पुलिस अधिकारियों ने दोनों पक्षों के लोगों से अलग-अलग और संयुक्त रूप से बातचीत की. काफी देर तक चली समझाइश के बाद दोनों पक्षों को शांत कराया गया.प्रशासन ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की.
लगातार इलाके में गश्त कर रही है पुलिस
फिलहाल दोनों गांवों में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है.पुलिस लगातार इलाके में गश्त कर रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. गांव में पुलिस की मौजूदगी के कारण लोगों में सुरक्षा का माहौल बना हुआ है.पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.फिलहाल गांव में शांति है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल की तैनाती जारी रखी गई है.
रिपोर्ट: विकास कुमार

