पाकुड़ में DTO का ताबड़तोड़ एक्शन, बालू लदे 3 ट्रैक्टर जब्त, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी होगी कार्रवाई

जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को पाकुड़ बाजार समिति के मुख्य द्वार के सामने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर बालू की ढुलाई कर रहे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया.

पाकुड़ में DTO का ताबड़तोड़ एक्शन, बालू लदे 3 ट्रैक्टर जब्त, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर भी होगी कार्रवाई

पाकुड़ (PAKUR): जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जिला परिवहन कार्यालय की ओर से लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में मंगलवार को पाकुड़ बाजार समिति के मुख्य द्वार के सामने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन कर बालू की ढुलाई कर रहे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया. जब्त किए गए सभी ट्रैक्टरों को नगर थाना पाकुड़ में सुरक्षित रखा गया है. इन वाहनों के खिलाफ जुर्माना लगाने और अन्य कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया की जा रही है. 

जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है. खासकर ट्रैक्टरों से बालू, गिट्टी, मिट्टी, डस्ट और ईंट की ढुलाई के दौरान अधिक चक्कर लगाने के चक्कर में चालक तेज गति से वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है. परिवहन विभाग ने सभी ट्रैक्टर मालिकों और चालकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं. ट्रैक्टर और ट्रॉली के आगे और पीछे नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य है. किसी भी गाड़ी के पीछे नंबर प्लेट नहीं लगी होने पर भी कार्रवाई की जाएगी. इसके अलावा वाहन का रजिस्ट्रेशन, फिटनेस, बीमा और प्रदूषण प्रमाण-पत्र वैध होना चाहिए. चालक के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस भी होना जरूरी है.

निर्माण सामग्री की ढुलाई के दौरान ट्रॉली को तिरपाल से ढककर रखने, क्षमता से अधिक सामान नहीं लादने और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने का निर्देश दिया गया है. साथ ही शहर में निर्धारित नो एंट्री के समय का पालन करने की भी हिदायत दी गई है. जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी ट्रैक्टर मालिकों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. उन्होंने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करते पकड़े जाने पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

रिपोर्ट: विकास कुमार