पाकुड़ में JTET परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. 1 नवंबर को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर 29 अक्टूबर को रविन्द्र भवन, पाकुड़ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई.

पाकुड़ में JTET परीक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट, कदाचार रोकने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पाकुड़(PAKUR): झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा-2026 को शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने को लेकर पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है. 1 नवंबर को आयोजित होने वाली इस परीक्षा को लेकर 29 अक्टूबर को रविन्द्र भवन, पाकुड़ में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई. बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने परीक्षा ड्यूटी में लगाए गए सभी पुलिस पदाधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

बैठक में दिए गए सख्त निर्देश

बैठक में पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा के दिन सभी पुलिसकर्मी सुबह 6 बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंच जाएं. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा. साथ ही पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी अभ्यर्थी या उनके अभिभावकों के साथ दुर्व्यवहार न करें और सभी के साथ शालीनता से पेश आएं. परीक्षा समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा कर्मी केंद्र पर तब तक तैनात रहेंगे, जब तक परीक्षा की सामग्री कोषागार या बज्रगृह के लिए रवाना नहीं हो जाती. संबंधित थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों और आसपास लगातार गश्त करते रहेंगे. इसके अलावा उड़नदस्ता दल को परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को दूर कराने का निर्देश दिया गया है.

24 घंटे सक्रिय रहेगा जिला नियंत्रण कक्ष

परीक्षा के दिन जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा और प्रत्येक दो घंटे पर सभी परीक्षा केंद्रों से स्थिति की जानकारी ली जाएगी. यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने, आपात स्थिति से निपटने के लिए QRT टीम को तैयार रखने और सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी करने का भी निर्देश दिया गया है. परीक्षा से संबंधित किसी भी तरह की अफवाह या भ्रामक पोस्ट सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी. पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षक पात्रता परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराना उसकी प्राथमिकता है.

रिपोर्ट: विकास कुमार