पाकुड़ में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, पूजा पंडालों में CCTV तो छठ घाटों पर तैनात रहेंगे गोताखोर
दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं.
पाकुड़(PAKUR): दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए पाकुड़ पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा की तैयारियां शुरू कर दी हैं. त्योहारों के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जिले के सभी थाना और ओपी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर हुई इन बैठकों में पूजा समितियों को सुरक्षा और व्यवस्था से जुड़े कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए.
पूजा पंडालों में CCTV और अग्निशमन की व्यवस्था जरूरी
पुलिस प्रशासन ने सभी पूजा पंडालों में cctv कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं. कैमरों के सुचारू संचालन के लिए बिजली, इंटरनेट और जनरेटर की व्यवस्था भी करनी होगी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग के साथ महिला और पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग रास्ते बनाने को कहा गया है. इसके अलावा प्रत्येक पंडाल में अग्निशमन उपकरण, सुरक्षित बिजली कनेक्शन और पर्याप्त स्वयंसेवकों की तैनाती अनिवार्य की गई है. स्वयंसेवकों की पहचान के लिए एक जैसी टोपी, बैज या पहचान पत्र रखने का निर्देश दिया गया है.
पटाखे जलाने के लिए तय हुआ समय
प्रशासन ने आतिशबाजी को लेकर भी समय निर्धारित किया है. दीपावली की रात 8 बजे से 10 बजे तक और छठ पर्व के दौरान सुबह 6 बजे से 8 बजे तक ही पटाखे जलाने की अनुमति होगी. साथ ही तेज आवाज वाले पटाखों के इस्तेमाल से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है.
छठ घाटों पर गोताखोर और नाव से होगी निगरानी
छठ पर्व को देखते हुए सभी घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी और बैरिकेडिंग की व्यवस्था करने को कहा गया है. नदी और तालाबों में गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर सुरक्षा घेरा बनाया जाएगा. इसके अलावा घाटों पर गोताखोरों और नावों की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाई जा सके.
विसर्जन जुलूस पर भी रहेगी नजर
लक्ष्मी और काली पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस पारंपरिक रास्तों से निकालने का निर्देश दिया गया है. इस दौरान भड़काऊ नारे, अश्लील गाने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी. पुलिस प्रशासन ने पूजा समितियों और आम लोगों से सहयोग की अपील की है, ताकि सभी पर्व शांति, सुरक्षा और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न हो सकें.
रिपोर्ट: विकास कुमार