पाकुड़ (PAKUR) : जिले में नशीले पदार्थों की खरीद-बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है. इसी क्रम में पाकुड़ पुलिस ने ऑपरेशन जीवन के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पाकुड़िया और महेशपुर थाना क्षेत्र से दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से कुल 2 किलो 865 ग्राम गांजा बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, एसपी अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध और महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी गांव में गांजा की खरीद-बिक्री की जा रही है. सूचना के सत्यापन के बाद महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई और दोनों स्थानों पर छापेमारी की गई.
पुलिस ने पारू अंसारी के घर और मोटरसाइकिल की तलाशी ली
पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध में पुलिस ने पारू अंसारी के घर और मोटरसाइकिल की तलाशी ली. तलाशी के दौरान पुलिस ने 2 किलो 165 ग्राम गांजा, 70 मिट्टी के चिलम, दो मोटरसाइकिल, पीतल का तराजू-बटखरा और एक मोबाइल फोन बरामद किया. इसके बाद पुलिस ने पारू अंसारी को गिरफ्तार कर लिया.वहीं, महेशपुर थाना क्षेत्र के बड़कियारी गांव में पिंटु शेख के घर छापेमारी की गई. यहां से पुलिस ने 700 ग्राम गांजा और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन बरामद किया. पुलिस ने पिंटु शेख को भी गिरफ्तार कर लिया.
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामला दर्ज किया है. दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है.एसपी अनुदीप सिंह ने बताया कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन जीवन के तहत अब तक 9 मामले दर्ज किए जा चुके हैं. इन कार्रवाइयों में ब्राउन शुगर और गांजा बरामद करने के साथ कुल 11 आरोपियों को जेल भेजा गया है.पुलिस का कहना है कि नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
रिपोर्ट - विकास कुमार

