पाकुड़: ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत, रेलवे ट्रैक पर मिला क्षत-विक्षत शव

पाकुड़(PAKUR): जिले में एक दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. पाकुड़-तिलभिट्टा रेलखंड के इशाकपुर केबिन के समीप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से क्षेत्र में अफरा तफरी फैल गई. शव रेलवे पोल संख्या 153/17 और 153/19 के बीच पड़ा मिला. इस घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. हालांकि, पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और दुर्घटना, आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं.

आपको बता दें, मृतक की पहचान शाहरकोल पंचायत के चापाड़ांगा गांव निवासी राजेश सरकार के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे. शव की स्थिति देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. पूरे गांव में शोक का माहौल है. जीआरपी पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत दुर्घटना में हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण था. फिलहाल पुलिस जाँचमे जुट गई है.

रिपोर्ट- विकास कुमार