पाकुड़: DBL कंपनी के मजदूरों का हल्लाबोल, 12 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल
पाकुड़ जिला मुख्यालय के लोटामारा गांव स्थित DBL कंपनी की कोयला अनलोडिंग साइडिंग पर काम करने वाले करीब तीन दर्जन कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और भोजन की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं है.
पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ जिला मुख्यालय के लोटामारा गांव स्थित DBL कंपनी की कोयला अनलोडिंग साइडिंग पर काम करने वाले करीब तीन दर्जन कर्मचारियों ने अपनी 12 सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है. कर्मचारियों ने कामकाज पूरी तरह बंद कर साइडिंग परिसर में प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन और नारेबाजी की. हड़ताल में ऑपरेटर, चालक और रोड साइडिंग में काम करने वाले मजदूर शामिल हैं. कर्मचारियों की मुख्य मांगों में वेतन कटौती बंद करने, पीएफ और ईपीएफओ को ऑनलाइन करने, बोनस देने, समय पर वेतन भुगतान और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने जैसी मांगें शामिल हैं.
30 हजार वेतन का वादा
प्रदर्शन कर रहे कर्मचारी हलधर साह, अकमान शेख और सुनील पाठक ने बताया कि कंपनी में काम शुरू करते समय उन्हें 30 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने का वादा किया गया था, लेकिन फिलहाल उन्हें 25 से 26 हजार रुपये ही दिए जा रहे हैं. कर्मचारियों का आरोप है कि कार्यस्थल पर जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते हैं और सुरक्षा नियमों का भी पालन नहीं होता. अपनी समस्याओं को उठाने पर काम से निकालने की धमकी दी जाती है.
बोनस नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं मिलता और भोजन की गुणवत्ता भी अच्छी नहीं है. दीपावली नजदीक होने के बावजूद अब तक बोनस का भुगतान नहीं किया गया है. इससे कर्मचारियों में नाराजगी है. उन्होंने साफ कहा कि जब तक उनकी सभी 12 सूत्री मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी.
प्रबंधन ने की बातचीत, नहीं बनी सहमति
हड़ताल की जानकारी मिलने के बाद DBL कंपनी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों से बातचीत कर हड़ताल खत्म करने की अपील की. हालांकि, पहले दौर की बातचीत में कोई सहमति नहीं बन सकी. वहीं, कंपनी के एजीएम विनोद सिंह ने बताया कि कुछ आंतरिक समस्याएं हैं, जिन्हें दूर करने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कर्मचारियों को जल्द ही समस्याओं का समाधान करने का भरोसा दिया है.
रिपोर्ट: विकास कुमार