पाकुड़ हत्याकांड: पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, नाबालिग ही निकला महिला का कातिल

पाकुड़ हत्याकांड: पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, नाबालिग ही निकला महिला का कातिल

पाकुड़ (PAKUR): जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में हुई महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है. इस मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को हिरासत में लिया है. पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई को महिला का शव उसके घर में मिला था. शुरुआती जांच में पता चला कि महिला की हत्या धारदार हथियार से हमला कर की गई थी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने मानव सूचना के साथ-साथ वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई. जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस एक नाबालिग तक पहुंची, जिसे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया.

पुलिस के अनुसार, हिरासत में लिए गए नाबालिग की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया खून लगा टांगी, खून से सना टी-शर्ट और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है. बरामद सामान को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है.

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच के बाद आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

रिपोर्ट: विकास कुमार