पाकुड़: सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने वालों पर सख्ती, दो वाहन जब्त, 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम

पाकुड़ में अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाया. दो वाहनों को जब्त कर 7,700 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि सड़क खाली करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया

पाकुड़: सड़क किनारे गाड़ी खड़ी करने वालों पर सख्ती, दो वाहन जब्त, 24 घंटे में अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम

पाकुड़ (PAKUR): शहर की सड़कों पर अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है. उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देश पर शनिवार को शहर के अलग-अलग इलाकों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी और यातायात प्रभारी राकेश कुमार रंजन के नेतृत्व में टीम ने प्रमुख चौक-चौराहों और व्यस्त सड़कों का निरीक्षण किया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध तरीके से खड़े वाहनों और अतिक्रमण को लेकर संबंधित लोगों को चेतावनी दी गई. विभाग ने साफ किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

अभियान के दौरान अंबेडकर चौक, प्यारादापुर चौक, मौलाना चौक, रेलवे फाटक, गांधी चौक और हरिनडांगा चौक समेत कई स्थानों पर जांच की गई. सड़क किनारे लंबे समय से खड़े खराब वाहनों और रखे गए सामान को हटाने का निर्देश दिया गया. संबंधित लोगों को 24 घंटे के भीतर सड़क खाली करने की हिदायत दी गई है. जांच के दौरान अवैध पार्किंग के मामले में एक क्रेटा कार और एक ओमनी वैन को जब्त किया गया. इसके साथ ही परिवहन विभाग ने नियमों के उल्लंघन पर कुल 7 हजार 700 रुपये का जुर्माना भी वसूला.

परिवहन विभाग ने वाहन चालकों को नंबर प्लेट को लेकर भी सख्त निर्देश दिए हैं. अधिकारियों के अनुसार, सभी वाहनों में आगे और पीछे निर्धारित नंबर प्लेट लगाना जरूरी है. टोटो और ऑटो में भी दोनों तरफ नंबर प्लेट नहीं पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. विभाग ने वाहन मालिकों और दुकानदारों से सड़क किनारे अवैध पार्किंग या अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और लोगों को जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे.

रिपोर्ट: विकास कुमार