करमा पूजा में लापता 13 वर्षीय बालक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़ के हिरणपुर में करमा पूजा के दौरान लापता 13 वर्षीय दीनानाथ सिंह की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे में खुलासा किया है. पुलिस ने आरोपी मनोज कुमार को गिरफ्तार कर नदी किनारे से बालक का शव बरामद किया है.

करमा पूजा में लापता 13 वर्षीय बालक की हत्या का 48 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

पाकुड़ (PAKUR): जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र के नयाग्राम में करमा पूजा के दौरान लापता हुए 13 वर्षीय बालक दीनानाथ सिंह की हत्या का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने मामले में करीब 40 वर्षीय मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को करमा पूजा के दौरान दीनानाथ के लापता होने की सूचना मिली थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई. जांच के दौरान पुलिस को घरेलू और जमीन विवाद से जुड़े कारणों का पता चला, जिसके बाद पुलिस ने संदिग्धों और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं.

पुलिस के मुताबिक, मानवीय और तकनीकी सूचना के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई. इसी दौरान पुलिस को आरोपी मनोज कुमार के बारे में जानकारी मिली, जिसके बाद उसे हिरणपुर बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया गया. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया हरे रंग का बजाज मैक्सीमा टेम्पो और लोहे का जैक बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद बालक के शव को नदी में फेंक दिया गया था. इसके बाद पुलिस ने तलाश अभियान चलाया और पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र में देवपुर और मंगलापाड़ा के बीच नदी किनारे से दीनानाथ का शव बरामद किया.

शव बरामद होने के बाद पुलिस ने उसे आवश्यक जांच और चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सदर अस्पताल पाकुड़ भेज दिया है. गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार मूल रूप से हरियाणा के सोनीपत जिले का रहने वाला बताया गया है और फिलहाल नयाग्राम में रह रहा था. पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी वजह, घटनाक्रम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है. 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा और आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस की जांच में अहम कड़ी मानी जा रही है.

रिपोर्ट: विकास कुमार