पाकुड़ में परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, कोयला लदे 19 वाहनों पर 4 लाख रुपये का लगाया जुर्माना
पाकुड़: जिले में कोयला ढुलाई करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया. गुरुवार शाम जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में अमरपाड़ा कोल साइडिंग से पाकुड़ और दुमका रेलवे साइडिंग जाने वाले कोयला लदे वाहनों की जांच की गई.
पाकुड़: जिले में कोयला ढुलाई करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ जिला परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सघन वाहन जांच अभियान चलाया. गुरुवार शाम जिला परिवहन पदाधिकारी मोहम्मद मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में अमरपाड़ा कोल साइडिंग से पाकुड़ और दुमका रेलवे साइडिंग जाने वाले कोयला लदे वाहनों की जांच की गई. इस दौरान करीब 40 से 50 भारी वाहनों की जांच की गई.
जांच में कई वाहनों में ओवरलोडिंग, कोयला ढुलाई के दौरान तिरपाल नहीं लगाने, चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने समेत अन्य नियमों का उल्लंघन पाया गया. इसके बाद विभाग ने 19 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 4 लाख 1 हजार 1 रुपये का ऑनलाइन चालान काटा.
जिला परिवहन पदाधिकारी ने चालान काटे गए वाहन चालकों को 24 घंटे के अंदर जुर्माने की राशि जमा करने का निर्देश दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि चालान का भुगतान केवल झारखंड सरकार के परिवहन विभाग के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से ही करें. भुगतान में किसी तरह की परेशानी होने पर जिला परिवहन कार्यालय से संपर्क करें. वहीं, जांच के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया.
चालकों को नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने, पर्याप्त नींद और आराम के बाद ही गाड़ी चलाने तथा नींद पूरी नहीं होने पर वाहन नहीं चलाने की सलाह दी गई. परिवहन विभाग ने सभी वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील की है.
रिपोर्ट: विकास कुमार