पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ के ऐतिहासिक रथ मेला में श्रद्धालुओं की भीड़ का फायदा उठाकर मोबाइल और पर्स चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने पश्चिम बंगाल के दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के छह मोबाइल फोन और 7,390 रुपये नकद बरामद किए हैं. दोनों आरोपी मेला में भीड़ का फायदा उठाकर लोगों के मोबाइल, पर्स और कीमती सामान पर हाथ साफ करते थे. पुलिस की इस कार्रवाई से मेला में हुई लगातार चोरी की घटनाओं का खुलासा हो गया है.
जानकारी के अनुसार, 16 जुलाई को आयोजित ऐतिहासिक रथ मेला के दौरान हजारों श्रद्धालु दर्शन और मेले का आनंद लेने पहुंचे थे. इसी दौरान कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन, पर्स, नकदी और सोने की चेन चोरी होने की शिकायत नगर थाना में दर्ज कराई. अलग-अलग पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुल छह प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू की. घटना की गंभीरता को देखते हुए पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर एसडीपीओ कुमार गौरव के नेतृत्व में एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के रहने वाले सोहन सिंह और रेखा देवी को गिरफ्तार कर लिया.
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने रथ मेला में चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. पुलिस ने उनके पास से चोरी के छह मोबाइल फोन और 7,390 रुपये नकद बरामद किए हैं. अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के आपराधिक इतिहास और इस गिरोह के अन्य सदस्यों की भी जांच की जा रही है. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गिरोह ने अन्य जिलों या राज्यों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं. एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. उन्होंने कहा कि मेले और भीड़भाड़ वाले आयोजनों में सक्रिय ऐसे गिरोहों पर पुलिस की विशेष नजर बनी हुई है और भविष्य में भी इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जाएगा. इस कार्रवाई में नगर थाना पुलिस और तकनीकी शाखा की टीम की अहम भूमिका रही.
रिपोर्ट : विकास कुमार

