पाकुड़ (PAKUR) : जिले में शहीद एसपी अमरजीत बलिहार और उनके साथ शहीद हुए पांच वीर जवानों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई. पुलिस परिवार की ओर से आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, जवानों और शहीदों के परिजनों ने शहीदों की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया. इस दौरान सभी ने दो मिनट का मौन रखकर वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया.
आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत
कार्यक्रम में पाकुड़ के एसपी अनुदीप सिंह ने शहीद जवानों के परिजनों तथा वर्ष 2013 के नक्सली हमले में घायल हुए चालक धनराज मड़ैया को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया. उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता और उनका साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा.
योगदान को हमेशा याद रखा जा सके
अपने संबोधन में एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि शहीद अमरजीत बलिहार और उनके साथियों के बलिदान की बदौलत आज पाकुड़ ही नहीं, बल्कि पूरा संथाल परगना नक्सल मुक्त हो चुका है. उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ लगातार कार्य करती रहेगी. उन्होंने यह भी घोषणा की कि हमले में शहीद हुए अन्य पांच जवानों की स्मृति में भी जल्द प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी, ताकि उनके योगदान को हमेशा याद रखा जा सके.
क्षेत्र में शांति स्थापित हुई.
गौरतलब है कि 2 जुलाई 2013 को काठीकुंड थाना क्षेत्र के जमनीनाला के पास नक्सलियों ने तत्कालीन एसपी अमरजीत बलिहार के काफिले पर घात लगाकर हमला कर दिया था. इस हमले में एसपी अमरजीत बलिहार सहित छह पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे. इस घटना के बाद पुलिस ने बड़े स्तर पर नक्सल विरोधी अभियान चलाया. लगातार कार्रवाई के परिणामस्वरूप पूरे संथाल परगना क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगी और क्षेत्र में शांति स्थापित हुई.
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों ने शहीदों के अदम्य साहस और देश सेवा के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित की. कार्यक्रम का माहौल भावुक रहा और सभी ने शहीदों के बताए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया.
रिपोर्ट – विकास कुमार

