पाकुड़ में 73 साल के बुजुर्ग से 4.81 लाख की साइबर ठगी, 3 हजार रुपये लौटाने के बहाने बनाया शिकार
लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में 73 वर्षीय बुजुर्ग से करीब 4.81 लाख रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि ठग ने गलती से खाते में 3 हजार रुपये भेजने की बात कहकर रकम वापस मांगी और UPI लेनदेन के दौरान अलग-अलग ट्रांजैक्शन में बड़ी रकम निकाल ली.
पाकुड़ (PAKUR): जिले में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां ठगों ने 73 साल के बुजुर्ग को अपनी बातों में फंसाकर उनके बैंक खातों से करीब 4.81 लाख रुपये निकाल लिए. ठग ने पहले बुजुर्ग को फोन कर कहा कि गलती से उनके खाते में 3 हजार रुपये भेज दिए गए हैं. इसके बाद रकम वापस करने की बात कहते हुए उन्हें UPI के जरिए लेनदेन करने को कहा गया. आरोप है कि इसी दौरान अलग-अलग किस्तों में उनके खातों से कुल 4 लाख 81 हजार 892 रुपये निकाल लिए गए.
मामला लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करियोडीह गांव का है. पीड़ित की पहचान 73 वर्षीय प्रतुल कुमार साहा के रूप में हुई है. खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की.
9 से 14 सितंबर के बीच हुई ठगी
पीड़ित प्रतुल कुमार साहा के मुताबिक, 9 से 14 सितंबर के बीच उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया था. फोन करने वाले ने दावा किया कि उसने गलती से प्रतुल कुमार साहा के खाते में 3 हजार रुपये भेज दिए हैं. उसने यह रकम वापस करने की बात कही.
आरोप है कि फोन करने वाले ने बातचीत के दौरान बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाए रखा और UPI के जरिए कई बार लेनदेन कराया. बाद में जब पीड़ित ने अपने बैंक खाते की जानकारी देखी तो उन्हें बड़ी रकम निकलने का पता चला. अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए कुल 4 लाख 81 हजार 892 रुपये की निकासी होने की बात सामने आई.
इसके बाद बुजुर्ग लिट्टीपाड़ा थाना पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत पुलिस से की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब उस मोबाइल नंबर की जानकारी जुटा रही है, जिससे पीड़ित को फोन किया गया था. साथ ही बैंक और UPI ट्रांजैक्शन से जुड़ी जानकारी भी खंगाली जा रही है, ताकि रकम किस खाते में गई और ठगी के पीछे कौन लोग शामिल हैं, इसका पता लगाया जा सके.
रिपोर्ट - विकास कुमार