पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ सूचना भवन सभागार में जिला परिषद की बैठक जिला परिषद अध्यक्षा जूली खृष्टमनी हेंम्ब्रम की अध्यक्षता में आयोजित हुई.जिसमे जिले में चल रही विभिन्न विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई. इस दौरान जिला परिषद सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं उठाई. इनमें बिजली, पेयजल और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर विशेष चर्चा हुई. संबंधित विभागों के अधिकारियों को इन समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया गया.
अधूरी योजनाओं और जनसमस्याओं पर हुई चर्चा
बैठक के बाद जिला परिषद अध्यक्षा जूली खृष्टमनी हेंम्ब्रम ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी मुद्दे जनता से जुड़े है. इसलिए विभागीय अधिकारी इनका समय पर समाधान सुनिश्चित करें और जिला परिषद सदस्यों को उनके क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराएं.उन्होंने बताया कि बैठक में नई योजनाओं पर चर्चा नहीं हुई. केवल उन योजनाओं के प्रस्तावों में संशोधन का निर्णय लिया गया, जो अन्य निधियों से पहले ही पूरी हो चुकी है.
लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन का आदेश
उप विकास आयुक्त सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने भी सभी विभागों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन किया जाए तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखी जाए.बैठक में स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, कृषि, पशुपालन, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, विद्युत, सिंचाई, सड़क एवं भवन निर्माण सहित कई विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई.
रिपोर्ट: विकास कुमार

