पाकुड़ में ट्रांसफॉर्मर से कॉपर कॉयल चोरी का खुलासा! तीन गिरफ्तार, झाड़ियों से मिले 17 कॉयल

पाकुड़ के पाकुड़िया में ट्रांसफॉर्मर से तांबे का कॉयल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार. पुलिस ने झाड़ी से 17 कॉयल, बाइक और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए.

पाकुड़ में ट्रांसफॉर्मर से कॉपर कॉयल चोरी का खुलासा! तीन गिरफ्तार, झाड़ियों से मिले 17 कॉयल

पाकुड़ (PAKUR): जिले में ट्रांसफॉर्मर से तांबे का कॉयल चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है. पाकुड़िया थाना क्षेत्र में हुई चोरी की घटना में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर झाड़ियों से चोरी किए गए 17 कॉपर कॉयल बरामद किए गए हैं. इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक और अन्य सामान भी पुलिस ने जब्त किया है.

ट्रांसफॉर्मर को बनाया था निशाना

मामला पाकुड़िया थाना क्षेत्र के धुलीडांगा गांव स्थित आरएम इंटरप्राइजेज क्रेशर का है. यहां 12 और 13 नवंबर की रात चोरों ने ट्रांसफॉर्मर को निशाना बनाते हुए उसमें लगे तांबे के कॉयल चोरी कर लिए थे. घटना की जानकारी मिलने के बाद क्रेशर के प्रतिनिधि अजीत कुमार सिंह ने पाकुड़िया थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.

तीन आरोपियों को दबोचा

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया. टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर धुलीडांगा गांव में छापेमारी की. इस दौरान आलमगीर शेख उर्फ बाटिल, रामलाल टुडू और समोल सोरेन को गिरफ्तार कर लिया गया.

झाड़ियों में छिपाकर रखे थे चोरी के कॉयल

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में तीनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. उनकी निशानदेही पर रामलाल टुडू के घर के पास झाड़ी से 17 तांबे के कॉयल बरामद किए गए. इनमें 16 छोटे और एक बड़ा कॉयल शामिल है. इसके अलावा पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर के चार बोल्ट, एक लोहे का जैक, एक पेचकस और चोरी में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की है. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार तीनों आरोपी इलाके में घूम-घूमकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. फिलहाल पुलिस आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में जुटी है.

रिपोर्ट: विकास कुमार