पाकुड़: SIR के विरोध में कांग्रेस का पैदल मार्च, CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर की नारेबाजी
पाकुड़ में सोमवार को SIR और मतदाता सूची को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाला. प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर निकला मार्च शहीद अमरजीत बलिहार चौक से समाहरणालय तक पहुंचा.
पाकुड़ (PAKUR): मतदाता सूची और SIR प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस का विरोध अब सड़क पर दिखाई देने लगा है. सोमवार को पाकुड़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसी मुद्दे को लेकर बड़ा पैदल मार्च निकाला. यह मार्च प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर किया गया. शहीद अमरजीत बलिहार चौक से शुरू हुआ मार्च समाहरणालय तक पहुंचा. मार्च की अगुवाई झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. तनवीर आलम ने की.
SIR को लेकर कांग्रेस ने जताई नाराजगी
पैदल मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर अपनी बातें रखीं. कांग्रेस नेताओं का कहना था कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या किसी तरह का बदलाव करने की प्रक्रिया पूरी तरह साफ और पारदर्शी होनी चाहिए.
नेताओं ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति वोट देने के योग्य है तो सिर्फ कागजी प्रक्रिया की वजह से उसका नाम प्रभावित नहीं होना चाहिए. उनका कहना था कि SIR के दौरान लोगों को जरूरी दस्तावेज जमा करने, अपनी आपत्ति दर्ज कराने और अपनी बात रखने का पूरा मौका मिलना चाहिए.

CEC के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी
मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग भी उठाई. कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे लेकर नारेबाजी की और निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की.
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि चुनाव और मतदाता सूची से जुड़े मामलों में लोगों का भरोसा सबसे जरूरी है. उन्होंने संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की बात करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिसमें किसी भी मतदाता को अपनी बात रखने में परेशानी न हो.
बड़ी संख्या में कार्यकर्ता हुए शामिल
पैदल मार्च में जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारियों के अलावा प्रखंड और मंडल स्तर के नेता भी शामिल हुए. युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस समेत पार्टी के अलग-अलग प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी मार्च में नजर आए.
कार्यकर्ता शहीद अमरजीत बलिहार चौक से पैदल चलते हुए समाहरणालय पहुंचे. इस दौरान SIR और मतदाता अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर नारे लगाए गए.
रिपोर्ट: विकास कुमार