ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की नई तारीख जारी , 31 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की ओर से ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर को तय की गई है. इस छात्रवृत्ति में SC, ST और OBC/BC वर्ग के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते है. आवेदन आधिकारिक e-Kalyan पोर्टल के जरिए ऑनलाइन करना होगा.

ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति की नई तारीख जारी , 31 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

टीनपी डेस्क (TNP DESK): झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की ओर से ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर को तय की गई है. इस छात्रवृत्ति में SC, ST और OBC/BC वर्ग के छात्र-छात्राएं आवेदन कर सकते है. आवेदन आधिकारिक e-Kalyan पोर्टल के जरिए ऑनलाइन करना होगा. इस बार आवेदन से पहले NSP OTR (One Time Registration) पूरा करना और बैंक खाते का आधार से लिंक होकर DBT के लिए सक्रिय होना जरूरी है. इस योजना का मकसद ऐसे स्टूडेंट की मदद करना है जो आर्थिक रूप से कमजोर है या जिनकी पढ़ाई में बाधा आ रही हो.

इस योजना के जरिए योग्य छात्रों को स्कूल, कॉलेज और उच्च शिक्षा की पढ़ाई जारी रखने में सहायता मिलती है. छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की प्रक्रिया ऑनलाइन होती है. छात्र घर बैठे e-Kalyan पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं. इस योजना से छात्रों को फीस और पढ़ाई से जुड़े खर्चों में मदद मिलती है, जिससे वे बिना आर्थिक परेशानी के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें.

किन छात्रों को मिलेगा लाभ

ई-कल्याण पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति 2026-27 उन स्टूडेंट के लिए है, जिन्होंने 10वीं की पढ़ाई पूरी कर ली है और इसके बाद इंटरमीडिएट, ITI, डिप्लोमा, ग्रेजुएशन या अन्य पोस्ट मैट्रिक कोर्स कर रहे हैं. आवेदन करने वाले छात्र का झारखंड का स्थायी निवासी होना जरूरी है. इसके अलावा छात्र का संबंध SC, ST या OBC/BC-1/BC-2 वर्ग से होना चाहिए. परिवार की सालाना आय निर्धारित सीमा के भीतर होनी चाहिए. दी गई जानकारी के अनुसार, परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए. आवेदन करने से पहले छात्र अपनी श्रेणी, निवास और आय से जुड़ी पात्रता जरूर जांच लें.

आवेदन से पहले जरूरी काम

इस बार e-Kalyan आवेदन प्रक्रिया में NSP OTR नंबर की खास भूमिका है. छात्रों को e-Kalyan पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करने से पहले NSP(National Scholarship Portal) पर अपना One Time Registration पूरा करना होगा. इसके बाद आधार से जुड़ी जरूरी प्रक्रिया पूरी करके e-Kalyan पर आवेदन किया जा सकेगा. साथ ही बैंक खाता आधार से लिंक होना चाहिए और उसमें DBT ऐक्टिव होना जरूरी है. अगर बैंक खाता आधार सीडेड नहीं है या DBT सक्रिय नहीं है, तो छात्रवृत्ति की राशि खाते में आने में परेशानी हो सकती है.

कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए

ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्रों को कई जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. इनमें आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, झारखंड का आवासीय प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पिछली परीक्षा की मार्कशीट, बोनाफाइड सर्टिफिकेट और पासपोर्ट साइज फोटो शामिल हैं. बोनाफाइड सर्टिफिकेट कॉलेज या संस्थान की ओर से जारी होना चाहिए और उसमें फीस से जुड़ी जानकारी स्पष्ट होनी चाहिए. आय प्रमाण पत्र को लेकर भी विशेष सावधानी बरतें. 2026-27 आवेदन के लिए दिया गया निर्देश है कि आय प्रमाण पत्र 1 अप्रैल 2026 या उसके बाद का बना होना चाहिए. दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड करने से पहले उनकी साफ स्कैन कॉपी तैयार रखें. दी गई जानकारी के अनुसार, अपलोड किए जाने वाले दस्तावेजों का आकार अधिकतम 150 KB तक रखना होगा.

ऐसे भरें फॉर्म

आवेदन करने के लिए सबसे पहले e-Kalyan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद छात्रवृत्ति से संबंधित विकल्प चुनकर अपना रजिस्ट्रेशन करें. आवेदन से पहले NSP OTR की प्रक्रिया पूरी होना जरूरी है. रजिस्ट्रेशन के दौरान मांगी गई व्यक्तिगत, शैक्षणिक, जाति, आय और बैंक खाते से जुड़ी जानकारी ध्यान से भरें. इसके बाद जरूरी दस्तावेज अपलोड करें और आवेदन को सबमिट करें. फॉर्म जमा करने से पहले सभी जानकारी दोबारा जांच लें, क्योंकि गलत जानकारी या दस्तावेज में गड़बड़ी होने पर आवेदन अटक सकता है.

ऐसे चेक करें आवेदन का स्टेटस

फॉर्म जमा करने के बाद छात्र घर बैठे अपने आवेदन की स्थिति भी देख सकते हैं. इसके लिए e-Kalyan पोर्टल पर जाकर Student Login करें. लॉगिन के बाद डैशबोर्ड में Application Status का विकल्प चुनें. यहां शैक्षणिक वर्ष 2026-27 का चयन करने पर आपके आवेदन की मौजूदा स्थिति दिखाई देगी. आवेदन INO या DNO स्तर पर लंबित है या सत्यापित हो चुका है, इसकी जानकारी भी यहीं मिल सकती है.