लातेहार. एनएच-75 रांची-मेदिनीनगर मुख्य मार्ग पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में जीजा और साले की मौके पर ही मौत हो गई. यह हादसा चंदवा थाना क्षेत्र के शिव टोला के पास हुआ. दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया. हादसे में शामिल ट्रक को जब्त कर लिया गया है, जबकि चालक घटना के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रांची जिले के खलारी थाना क्षेत्र स्थित महावीर नगर बुकबुका निवासी 34 वर्षीय टिंकू भुइयां अपने 14 वर्षीय साले मिथुन भुइयां के साथ मोटरसाइकिल से चंदवा से लातेहार की ओर जा रहे थे. मिथुन लोहरदगा जिले के कुडू प्रखंड अंतर्गत सलगी गांव का रहने वाला था. दोनों जैसे ही शिव टोला के समीप पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर पलट गया. ट्रक पलटने के साथ ही दोनों बाइक सवार उसके नीचे दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही चंदवा थाना पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे. ट्रक के नीचे फंसे दोनों लोगों को बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की सहायता ली गई. काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, चंदवा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, लातेहार भेज दिया.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है. हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-75 पर यातायात भी प्रभावित रहा. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है. वहीं, इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में मातम छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

